उत्तराखंडराज्य

नैनीताल में पत्नी की बेरहमी से हत्या, 50 घाव देकर पति फरार; बच्चे रातभर मां को सोता समझते रहे

नैनीताल: उत्तराखंड के नैनीताल जिले के ओखलकांडा क्षेत्र में घरेलू विवाद के बाद एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। घर में मौजूद चार बच्चे काफी देर तक मां को सोया हुआ समझते रहे। अगले दिन शव से दुर्गंध आने के बाद उन्हें घटना की जानकारी हुई और घर में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए तीन टीमें गठित की हैं।

विवाद बढ़ा तो पत्नी पर डंडे से किया हमला

जानकारी के मुताबिक, 38 वर्षीय भीम सिंह पुत्र नारायण सिंह अपनी 35 वर्षीय पत्नी डिकरी देवी और चार बच्चों के साथ ओखलकांडा के खनस्यूं में रहता था। शुक्रवार रात घर पहुंचने के बाद किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर भीम सिंह ने डंडे से पत्नी के सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण डिकरी देवी की मौत हो गई।

वारदात के बाद आरोपी घर से फरार हो गया। स्थानीय लोगों का दावा है कि भीम सिंह नशे का आदी था। तल्ला ओखलकांडा के एसआई अनीश अहमद के अनुसार, ग्राम प्रधान ने पुलिस को घटना की सूचना दी थी। पुलिस ने मौके से डंडा बरामद किया है और फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए हल्द्वानी एसटीएच भेजा गया।

बच्चों को रातभर नहीं हुआ मां की मौत का एहसास

हत्या के बाद घर में मौजूद चारों बच्चे डरे-सहमे रहे। सबसे बड़ा बेटा 10 वर्षीय राजू काफी देर तक मां को सोया हुआ समझता रहा। जब उसे सच्चाई का पता चला तो उसने पड़ोसियों को इसकी जानकारी दी।

बताया जा रहा है कि आरोपी ने घटना के बारे में किसी को बताने पर राजू को जान से मारने की धमकी दी थी। इसी वजह से बच्चे भयभीत रहे। राजू के अलावा परिवार में 8 वर्षीय हर्षिता, 6 वर्षीय कुणाल और साढ़े तीन साल की बबली हैं। मां की मौत के बाद चारों बच्चों की पढ़ाई, पालन-पोषण और भविष्य को लेकर मुश्किलें खड़ी हो गई हैं।

पोस्टमार्टम में शरीर पर मिले करीब 50 घाव

डिकरी देवी के पोस्टमार्टम के दौरान सिर से लेकर पूरे शरीर पर डंडे से किए गए हमले के करीब 50 घाव मिले। फॉरेंसिक विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. एके सिंह ने बताया कि महिला के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर डंडे के निशान पाए गए हैं। कई जगह हड्डियां टूटने का भी अनुमान है।

हल्द्वानी स्थित मोर्चरी में तीन डॉक्टरों के पैनल ने वीडियोग्राफी के बीच पोस्टमार्टम किया। पैनल में एक महिला डॉक्टर भी शामिल थीं। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है। मृतका का अंतिम संस्कार सोमवार को रानीबाग चित्रशिला घाट पर किया जाएगा।

तीन टीमें आरोपी की तलाश में जुटीं

पुलिस ने फरार भीम सिंह की तलाश तेज कर दी है। उसकी तस्वीर और पर्चे जारी कर लोगों से उसके बारे में सूचना देने की अपील की गई है। सीओ रविकांत सेमवाल के मुताबिक, आरोपी की तलाश के लिए तीन टीमें बनाई गई हैं। एक टीम स्थानीय स्तर पर तलाश कर रही है, जबकि दो अन्य टीमें हल्द्वानी और बाहरी शहरों में दबिश दे रही हैं।

रातभर बिस्तर पर पड़ा रहा शव

बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात पत्नी पर हमला करने के बाद भीम सिंह घर से चला गया था। डिकरी देवी का शव अगले दिन तक बिस्तर पर ही पड़ा रहा। इसके बाद शव से दुर्गंध आने लगी, जिससे बच्चों और आसपास के लोगों को घटना का पता चला।

परिजनों ने मोर्चरी में आरोप लगाया कि पुलिस की ओर से मदद करने के बजाय शव ले जाने की व्यवस्था में देरी की बात कही गई। पुलिस की तीनों टीमें फरार आरोपी को पकड़ने के लिए लगातार अभियान चला रही हैं।

Related Articles

Back to top button