
दो साल बाद फिर पटरी पर लौटी नेपालगंज रोड-वाराणसी सिटी ट्रेन, बहराइच से बलरामपुर तक यात्रियों को बड़ी राहत
बहराइच: भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र के यात्रियों के लिए सोमवार से रेल कनेक्टिविटी की बड़ी सुविधा शुरू होने जा रही है। करीब दो साल के लंबे इंतजार के बाद नेपालगंज रोड से वाराणसी सिटी के बीच ट्रेन सेवा बहाल होगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विशेष ट्रेन 05064 को नेपालगंज-रुपईडीहा स्टेशन से हरी झंडी दिखाएंगे। ट्रेन दोपहर 2:45 बजे यात्रियों को लेकर रवाना होगी और बहराइच, गोंडा, गोरखपुर होते हुए वाराणसी सिटी पहुंचेगी।
नई रेल सेवा शुरू होने से सीमावर्ती क्षेत्र में आवागमन आसान होने के साथ व्यापार, शिक्षा और पर्यटन से जुड़े यात्रियों को भी राहत मिलने की उम्मीद है। वाराणसी धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण शहर है, ऐसे में नेपालगंज रोड और आसपास के इलाकों से वहां जाने वाले यात्रियों को सीधी रेल सुविधा का लाभ मिलेगा। कार्यक्रम में केंद्रीय रेल मंत्री वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए जुड़ेंगे।
57 किलोमीटर रेलखंड का काम पूरा
नेपालगंज रोड यानी रुपईडीहा से बहराइच के बीच रेलखंड के अमान परिवर्तन का काम पूरा हो चुका है। संबंधित संस्थाओं ने निर्माण कार्य रेलवे को सौंप दिया है। रविवार को रेलवे की अलग-अलग तकनीकी टीमों ने रेलखंड के कार्यों और गुणवत्ता की जांच भी की।
करीब 342 करोड़ रुपये की लागत से 57 किलोमीटर लंबे रेलखंड पर पटरी, पुल, रेलवे स्टेशन और अन्य जरूरी काम कराए गए हैं। निर्माण कार्य 10 दिसंबर 2024 को शुरू हुआ था। बहराइच से नेपालगंज तक काम को दो शिफ्टों में पूरा कराया गया।
नेपालगंज से सफर करने वालों को मुफ्त यात्रा
उद्घाटन विशेष ट्रेन में नेपालगंज रोड स्टेशन से यात्रा करने वाले यात्रियों को निशुल्क सफर की सुविधा मिलेगी। पूर्वोत्तर रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी महेश कुमार के मुताबिक, इसके लिए सोमवार सुबह 10 बजे तक नेपालगंज रेलवे स्टेशन के टिकट काउंटर से टोकन जारी किए जाएंगे। टोकन लेने के लिए यात्रियों को अपना व्यक्तिगत परिचय विवरण देना होगा।
नेपालगंज के अलावा जिन स्टेशनों से यात्री इस विशेष ट्रेन में सवार होंगे, उन्हें टिकट खरीदकर यात्रा करनी होगी। नानपारा, मटेरा, रिसिया, बहराइच समेत अन्य स्टेशनों पर नियमित प्रक्रिया के तहत टिकट लेकर ट्रेन में सवार होना होगा।
17 कोच की होगी उद्घाटन विशेष ट्रेन
नेपालगंज रोड-वाराणसी सिटी के बीच चलने वाली उद्घाटन विशेष ट्रेन में कुल 17 कोच लगाए जाएंगे। इनमें सामान्य, शयनयान और वातानुकूलित श्रेणी के कोच शामिल होंगे। उद्घाटन के अवसर पर यात्रियों को निशुल्क यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
बलरामपुर और तुलसीपुर के यात्रियों को भी फायदा
ट्रेन 31 अगस्त को दोपहर 2:45 बजे नेपालगंज रोड से रवाना होगी। इसके बाद नानपारा, रिसिया, बहराइच, पयागपुर और गोंडा होते हुए शाम 6:22 बजे बलरामपुर और 6:57 बजे तुलसीपुर पहुंचेगी। इसके बाद ट्रेन बढ़नी, सिद्धार्थनगर, आनंदनगर, गोरखपुर, देवरिया, मऊ, औंड़िहार और सारनाथ होते हुए अगले दिन सुबह 5:25 बजे वाराणसी सिटी पहुंचेगी।
इस सेवा से बलरामपुर और तुलसीपुर समेत सीमा क्षेत्र के यात्रियों को वाराणसी तक पहुंचने के लिए एक और सीधा रेल विकल्प मिलेगा। इससे स्थानीय लोगों के साथ व्यापार और अन्य जरूरी कार्यों से यात्रा करने वालों को भी सुविधा होने की उम्मीद है।
भारत-नेपाल सीमा पर कनेक्टिविटी को मिलेगी मजबूती
नेपालगंज रोड और वाराणसी सिटी के बीच रेल सेवा शुरू होने से भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी। लंबे समय से बंद सेवा बहाल होने के बाद सीमावर्ती इलाकों के लोगों के बीच आवागमन आसान होगा। इसके साथ ही व्यापारिक और अन्य संपर्क भी बढ़ने की संभावना है।



