
पटना: भारतीय जनता पार्टी के पूर्व विधान पार्षद देवेश कुमार को बिहार में बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें बिहार राज्य योजना बोर्ड का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। राज्य के योजना एवं विकास विभाग की ओर से जारी बयान के मुताबिक, इस पद को कैबिनेट मंत्री का दर्जा प्राप्त है। उनका कार्यकाल नियुक्ति की तारीख से तीन साल या अगले आदेश तक रहेगा, इनमें से जो पहले होगा, वही प्रभावी माना जाएगा।
नई जिम्मेदारी मिलने पर जताया आभार
देवेश कुमार ने नई जिम्मेदारी मिलने के बाद सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन और बिहार राज्य योजना बोर्ड के प्रमुख एवं मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का आभार जताया। पत्रकारिता से राजनीति में आए कुमार बिहार भाजपा में प्रवक्ता, उपाध्यक्ष और महासचिव सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर जिम्मेदारी निभा चुके हैं।
स्वतंत्रता सेनानी यमुना कार्जी के पोते हैं देवेश कुमार
62 वर्षीय देवेश कुमार स्वतंत्रता सेनानी यमुना कार्जी के पोते हैं। यमुना कार्जी को प्रख्यात किसान नेता स्वामी सहजानंद सरस्वती का करीबी सहयोगी माना जाता था। देवेश कुमार वर्तमान में मिजोरम में भाजपा के प्रभारी की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं।
2021 में राज्य विधान परिषद के लिए हुए थे नामित
देवेश कुमार को वर्ष 2021 में बिहार के राज्यपाल ने राज्य विधान परिषद के लिए नामित किया था। उनका कार्यकाल वर्ष 2027 में समाप्त होना था। हालांकि, उन्होंने पिछले महीने विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। कुमार ने अपने इस्तीफे को अपनी इच्छा से लिया गया फैसला बताया था।
इस्तीफे के बाद दीपक प्रकाश के लिए खुला रास्ता
देवेश कुमार के विधान परिषद से इस्तीफा देने के बाद राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा के बेटे और राज्य में मंत्री दीपक प्रकाश के लिए विधानमंडल का सदस्य चुने जाने का रास्ता साफ हो गया। अब देवेश कुमार को राज्य योजना बोर्ड का उपाध्यक्ष बनाए जाने के साथ कैबिनेट मंत्री का दर्जा भी मिल गया है।



