हरियाणा

कैथल में दर्दनाक हादसा! स्कूल जा रही दो बहनों को ट्रक ने कुचला, मौके पर मौत; चालक फरार

कैथल: कैथल के सीवन में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो छात्राओं की मौत हो गई। दोनों बहनें स्कूटी से स्कूल जा रही थीं, तभी मुख्य मार्ग पर एक ट्रक ने उनकी स्कूटी को चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान गांव माण्डी निवासी सरणदीप कौर और गुर्णदीप कौर के रूप में हुई है।

जानकारी के मुताबिक, सरणदीप दसवीं कक्षा में पढ़ती थी, जबकि उसकी बहन गुर्णदीप कौर नौवीं कक्षा की छात्रा थी। दोनों सीवन स्थित गर्ल्स स्कूल में पढ़ती थीं।

गुरुवार सुबह दोनों बहनें स्कूटी पर सवार होकर स्कूल के लिए निकली थीं। इसी दौरान सीवन के मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद दोनों छात्राओं की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ट्रक को कब्जे में ले लिया।

दोनों की उम्र 14 और 15 साल

सीवन थाना एसएचओ मुकेश रानी के अनुसार, हादसे में माण्डी गांव की दो छात्राओं की मौत हुई है। इनमें एक छात्रा की उम्र 15 साल थी और वह दसवीं कक्षा में पढ़ती थी, जबकि दूसरी 14 साल की थी और नौवीं कक्षा की छात्रा थी। दोनों चचेरी बहनें थीं।

ट्रक कब्जे में, चालक की तलाश जारी

पुलिस ने हादसे में शामिल ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है। वहीं, दुर्घटना के बाद फरार हुए चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

Related Articles

Back to top button