वोल्वो बस में छिपाकर ले जा रहा था 52 ग्राम चिट्टा, पंजाब का 40 वर्षीय तस्कर गिरफ्तार

घुमारवीं: नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिलासपुर पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस थाना घुमारवीं की टीम ने बलोह फोरलेन स्थित मल्यावर लिंक रोड के पास नाकाबंदी के दौरान एक वोल्वो बस की जांच की। तलाशी के दौरान पुलिस ने करीब 52 ग्राम चिट्टा बरामद किया। मामले में पंजाब के तरनतारन जिले के रहने वाले 40 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रेशम सिंह पुत्र सोहन सिंह, निवासी वीपीओ सबराह, तहसील पट्टी, जिला तरनतारन, पंजाब के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से 52 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। इस मामले में पुलिस थाना घुमारवीं में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।
सप्लाई नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने कहा कि जिला बिलासपुर में चिट्टे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है। उन्होंने कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और किसी भी स्थिति में चिट्टे के कारोबार को पनपने नहीं दिया जाएगा।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर उसके नशे के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। मामले में इससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी गहनता से जांच की जा रही है।
पुलिस ने लोगों से की सहयोग की अपील
एसपी अभिषेक धीमान ने लोगों से चिट्टे के खिलाफ चल रही मुहिम में पुलिस का सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अगर किसी व्यक्ति को चिट्टा तस्करी से जुड़ी कोई जानकारी मिलती है तो वह तत्काल पुलिस को सूचना दे। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।



