इमरान खान की सेहत पर वसीम अकरम चिंतित, बोले- तीन साल से बात नहीं हुई, लेकिन स्वास्थ्य से समझौता नहीं होना चाहिए

नई दिल्ली: पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और दिग्गज तेज गेंदबाज वसीम अकरम ने जेल में बंद अपने पूर्व साथी इमरान खान की सेहत को लेकर चिंता जताई है। अकरम ने कहा कि इमरान के साथ राजनीतिक स्तर पर जो कुछ हो रहा है, वह दुर्भाग्यपूर्ण है, लेकिन उनकी स्वास्थ्य सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जा सकता।
इमरान खान पाकिस्तान क्रिकेट टीम के 1992 विश्व कप विजेता कप्तान रहे हैं। भ्रष्टाचार से जुड़े कई मामलों में दोषी ठहराए जाने के बाद वह 2022 से जेल में हैं। हालांकि, इमरान लगातार अपने खिलाफ लगाए गए आरोपों से इनकार करते रहे हैं।
‘तीन साल से इमरान से बात नहीं हुई’
वसीम अकरम ने ‘द एथलेटिक’ से बातचीत में बताया कि उनकी करीब तीन साल से इमरान खान से बात नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि इमरान के साथ राजनीतिक तौर पर जो कुछ हो रहा है, वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
अकरम ने कहा कि अदालत अपना काम करती है, लेकिन इमरान की सेहत का मामला इससे अलग है। उनके मुताबिक, स्वास्थ्य के मामले में किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जा सकता।
‘दोषी हैं या नहीं, स्वास्थ्य की सुरक्षा जरूरी’
पूर्व तेज गेंदबाज ने कहा कि इमरान दोषी हैं या नहीं और वह जेल में हैं या नहीं, इन सवालों से अलग उनकी सेहत की सुरक्षा सुनिश्चित करना जरूरी है। अकरम ने कहा कि जेल के अंदर इमरान की वास्तविक स्थिति क्या है, यह बाहर से स्पष्ट नहीं है।
उन्होंने कहा कि सरकार इमरान की सेहत ठीक होने की बात कह रही है, लेकिन वह खुद उनकी स्थिति को लेकर चिंतित हैं। अकरम ने यह भी कहा कि उन्हें इमरान की बहुत याद आती है।
ब्रायन लारा भी इमरान के समर्थन में मुहिम से जुड़े
इमरान खान को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग कर रहे पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कप्तानों की मुहिम को हाल में वेस्टइंडीज के महान बल्लेबाज ब्रायन लारा का भी समर्थन मिला था।
इससे पहले करीब 22 पूर्व अंतरराष्ट्रीय कप्तानों ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को खुला पत्र लिखकर इमरान खान को उचित चिकित्सा सुविधा देने और उनके साथ मानवीय व्यवहार सुनिश्चित करने की मांग की थी।
‘पाकिस्तान में मुहिम चल रही है या नहीं, नहीं कह सकता’
अकरम ने कहा कि इंग्लैंड और कुछ अन्य जगहों पर इमरान खान की स्थिति बेहतर करने के लिए अभियान चल रहा है। हालांकि, पाकिस्तान में भी ऐसा कोई अभियान चल रहा है या नहीं, इस बारे में वह निश्चित तौर पर कुछ नहीं कह सकते।
उन्होंने स्पष्ट किया कि वह एक ऐसे व्यक्ति के तौर पर अपनी बात रख रहे हैं, जो इमरान खान के स्वास्थ्य को लेकर व्यक्तिगत रूप से चिंतित है।
जावेद मियांदाद भी जता चुके हैं चिंता
इमरान खान के लंबे समय तक साथी रहे पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर जावेद मियांदाद भी हाल में उनकी सेहत को लेकर चिंता जता चुके हैं। हालांकि, पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटरों में इमरान के समर्थन में खुलकर बोलने वाले दिग्गजों की संख्या अभी भी सीमित है।



