
पटना: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने बिहार विधान परिषद के आगामी स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव के लिए 6 अधिकृत उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं। पार्टी की ओर से शुक्रवार को जारी पहली सूची में पटना, कोसी, दरभंगा, सारण और तिरहुत निर्वाचन क्षेत्रों के प्रत्याशियों के नाम शामिल हैं।
प्रदेश अध्यक्ष मंगनीलाल मंडल की ओर से जारी सूची के मुताबिक पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. संजीव कुमार सिंह को उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से दिलीप कुमार को पार्टी ने प्रत्याशी घोषित किया है।
इन 6 नेताओं को मिला टिकट
कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से नीतेश कुमार को RJD का अधिकृत प्रत्याशी बनाया गया है। दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से अनिल कुमार झा चुनाव मैदान में उतरेंगे। सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से प्रो. जयराम यादव को टिकट दिया गया है, जबकि तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. रश्मि विनायक गौतम पार्टी की उम्मीदवार होंगी।
दो सीटों पर अभी उम्मीदवार तय नहीं
RJD की ओर से जारी पत्र में बताया गया है कि दो अन्य सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम पर अभी विचार चल रहा है। यानी पार्टी ने फिलहाल 8 में से 6 सीटों पर अपने अधिकृत प्रत्याशियों के नाम घोषित किए हैं।
बिहार विधान परिषद में स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की 8 सीटों के आगामी चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। RJD की पहली सूची जारी होने के बाद अब बाकी दो सीटों पर पार्टी के फैसले का इंतजार है।



