भोपाल के कैफे में पिस्टल लेकर पहुंचे कॉलेज छात्र, युवक को धमकाया; बीच-बचाव करने आए पुलिस जवान पर भी तानी बंदूक

भोपाल: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में कॉलेज छात्रों के बीच पुरानी रंजिश का मामला हथियारों के प्रदर्शन तक पहुंच गया। इंद्रपुरी टी चौराहे के पास स्थित एक कैफे में युवक को धमकाने पहुंचे दो छात्रों पर पिस्टल तानने का आरोप लगा है। इतना ही नहीं, विवाद शांत कराने के लिए आगे आए सिविल ड्रेस में मौजूद पुलिस जवान को भी आरोपियों ने बंदूक दिखाकर धमकाया। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि कैफे में हुई पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।
एक सप्ताह पहले हुआ था विवाद, तभी से दोनों पक्षों में तनाव
यह मामला भोपाल के पिपलानी थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, करीब एक सप्ताह पहले शिवांशु और पृथ्वीराज सिंह राजपूत के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि उस दौरान पृथ्वीराज के साथियों ने शिवांशु के साथ मारपीट की थी। इस घटना के बाद से ही दोनों पक्षों के बीच रंजिश चल रही थी।
बताया जा रहा है कि इसी विवाद को लेकर पृथ्वीराज सिंह राजपूत अपने साथी राज राजपूत के साथ इंद्रपुरी टी चौराहे स्थित कैफे पहुंचा। आरोप है कि राज राजपूत अपने साथ पिस्टल लेकर आया था। कैफे में शिवांशु को धमकाने के दौरान मामला बिगड़ गया और युवक को हथियार दिखाकर डराने की कोशिश की गई।
युवक के बाद पुलिस जवान पर भी तानी पिस्टल
कैफे में विवाद बढ़ता देख सिविल ड्रेस में मौजूद एक पुलिस जवान ने हस्तक्षेप किया और दोनों पक्षों को शांत कराने की कोशिश की। आरोप है कि इसी दौरान राज राजपूत ने पुलिस जवान पर भी पिस्टल तान दी। पुलिसकर्मी को हथियार दिखाकर धमकाने की घटना के बाद मामला और गंभीर हो गया।
जानकारी के अनुसार, कैफे में लगे सीसीटीवी कैमरों में वारदात रिकॉर्ड हुई है। फुटेज में आरोपी के हाथ में पिस्टल दिखाई देने की बात सामने आई है। पुलिस इस वीडियो के साथ अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है, ताकि घटना के पूरे घटनाक्रम का पता लगाया जा सके।
दोनों आरोपी फरार, पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर शैलेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि पिपलानी थाना क्षेत्र में छात्रों के दो गुटों के बीच पहले विवाद हुआ था। इसी पुरानी रंजिश के चलते दूसरे पक्ष के छात्र कैफे पहुंचे, जहां मारपीट हुई और एक युवक पर पिस्टल तानने का आरोप है। बीच-बचाव करने पहुंचे सिविल ड्रेस में मौजूद पुलिसकर्मी को भी निशाना बनाया गया।
अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर के मुताबिक, पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। घटना के बाद से पृथ्वीराज सिंह राजपूत और राज राजपूत फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और दूसरे साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। जांच में पुरानी रंजिश की वजह, विवाद के दौरान दोनों पक्षों की भूमिका और हथियार के इस्तेमाल से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।



