बिहारराज्य

पटना में सनसनीखेज वारदात: हिल स्टेशन घुमाने के बहाने प्रेमिका को ले गया, चलती ट्रेन से फेंकने का आरोप

पटना: फुलवारीशरीफ रेलवे स्टेशन के पास एक 15 वर्षीय किशोरी को उसके कथित प्रेमी द्वारा चलती ट्रेन से फेंकने का मामला सामने आया है। हादसे में किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गई। उसके चेहरे समेत शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं। किशोरी के बयान के आधार पर जीआरपी पटना ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी युवक की तलाश की जा रही है।

जीआरपी पटना के प्रभारी एसएचओ मनोज कुमार के मुताबिक, भोजपुर के संदेश थाना क्षेत्र की रहने वाली किशोरी ने पुलिस को बताया कि वह पिछले कई महीनों से हाजीपुर में अपने 19 वर्षीय प्रेमी के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी।

दिल्ली और हिल स्टेशन घुमाने की बात कहकर पटना लाया

किशोरी के अनुसार, बुधवार को युवक ने उसे दिल्ली ले जाने और वहां से किसी हिल स्टेशन पर घूमाने की बात कही। इसके बाद वह उसे हाजीपुर से पटना जंक्शन लेकर आया। शाम करीब छह बजे युवक ने उसे पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन की ओर जाने वाली लोकल ट्रेन में बैठाया। उसने किशोरी से कहा था कि आगे जाकर दिल्ली के लिए दूसरी ट्रेन पकड़ी जाएगी।

फुलवारी स्टेशन के पास चलती ट्रेन से फेंकने का आरोप

किशोरी ने पुलिस को बताया कि ट्रेन जब फुलवारी स्टेशन के पास पहुंची तो युवक ने उसे गेट के पास बुलाया। आरोप है कि इसी दौरान उसने किशोरी को चलती ट्रेन से नीचे फेंक दिया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

किशोरी को आशंका है कि युवक ने उससे पीछा छुड़ाने के लिए उसे ट्रेन से नीचे फेंका। हालांकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह क्या थी, इसका पता पुलिस की जांच के बाद ही चल सकेगा।

पुलिस आरोपी युवक की तलाश में जुटी

घटना की जानकारी मिलने के बाद जीआरपी ने किशोरी का बयान दर्ज किया और उसके आधार पर मामला दर्ज किया। पुलिस ने किशोरी के परिजनों से संपर्क करने की भी कोशिश की, लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया। फिलहाल पुलिस आरोपी 19 वर्षीय युवक की तलाश कर रही है और मामले की जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button