अपराधबिहारराज्य

पटना में मॉल घुमाने के बहाने नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म का आरोप, कॉलेज के पास से ले गया था युवक

पटना: शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र की एक महिला कॉलेज की नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। छात्रा स्नातक प्रथम वर्ष में पढ़ती है। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, आरोपी युवक की तलाश की जा रही है। रविवार को छात्रा का गर्दनीबाग स्थित सरकारी अस्पताल में मेडिकल कराया गया।

पुलिस को दिए आवेदन के मुताबिक, शुक्रवार को छात्रा कॉलेज के पास मौजूद थी। इसी दौरान उसकी पहचान का एक युवक उसे मॉल घुमाने के बहाने अपने साथ ले गया। आरोप है कि युवक उसे बाइपास इलाके में स्थित एक कमरे में ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया।

घटना के बाद छात्रा अपने घर पहुंची और परिजनों को पूरी जानकारी दी। इसके बाद परिजन उसे लेकर शास्त्रीनगर थाने पहुंचे और पुलिस को लिखित शिकायत दी। छात्रा के आवेदन और बयान के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है।

मोबाइल नंबर के आधार पर आरोपी की तलाश

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह आरोपी युवक को पहले से जानती थी और दोनों के बीच बातचीत होती थी। उसने पुलिस को उस मोबाइल नंबर की जानकारी भी दी, जिसके जरिए युवक से उसकी बातचीत होती थी। पुलिस इसी मोबाइल नंबर के आधार पर आरोपी की लोकेशन और उसके बारे में जानकारी जुटाने में लगी है।

नौबतपुर में गैंगरेप के फरार आरोपी के घर कुर्की-जब्ती

पटना से सटे नौबतपुर इलाके में दो बहनों से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में फरार आरोपी के खिलाफ पुलिस ने रविवार को कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की। पुलिस ने भेलुरा रामपुर निवासी फरार अभियुक्त रविकांत कुमार उर्फ बहारन के घर यह कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई नौबतपुर थाना कांड संख्या 461/26 के तहत की गई।

पुलिस के अनुसार, 19 जून को दोनों बहनों को जन्मदिन के मौके पर डांस कार्यक्रम में शामिल होने के नाम पर बुलाया गया था। आरोप है कि वहां बदमाशों ने दोनों के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने कथित मास्टरमाइंड समेत सात आरोपितों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं, रविकांत कुमार उर्फ बहारन और आकाश कुमार अब भी फरार बताए जा रहे हैं। दोनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उनके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।

Related Articles

Back to top button