अपराधबिहारराज्य

पटना में बेटे पर मां को जिंदा जलाने का आरोप, नशे की हालत में LPG से लगाई आग; पुलिस ने किया गिरफ्तार

पटना: खाजेकलां थाना क्षेत्र के दीवान मोहल्ले के दुल्ली घाट में शनिवार देर रात एक महिला की जलने से मौत हो गई। आरोप है कि नशे की हालत में उसके बेटे चिंटू कुमार ने एलपीजी गैस से उसके शरीर में आग लगा दी। कमरे से धुआं निकलता देखकर वहां रहने वाले अन्य किरायेदारों को घटना की जानकारी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतका की पहचान 60 वर्षीय रेखा देवी के रूप में हुई है। वह स्वर्गीय नन्हकी साहनी की पत्नी थीं और अपने बेटे चिंटू कुमार के साथ बसंत लाल के मकान में किराये पर रहती थीं। परिजनों के मुताबिक, ऑटो चलाने वाला चिंटू हाल के दिनों में नशे का आदी हो गया था।

कमरे में धुआं देखकर किरायेदारों ने खुलवाया दरवाजा

शनिवार देर रात कमरे से धुआं निकलता देखकर अन्य किरायेदार जाग गए। उन्होंने कमरा खुलवाया तो रेखा देवी बुरी तरह जली हुई हालत में मिलीं। बताया गया कि उस समय चिंटू उन्हें कमरे से बाहर खींचकर ला रहा था।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। मृतका के रिश्तेदार अमर साहनी ने खाजेकलां थाने में शिकायत दर्ज कराई और चिंटू पर अपनी मां को जलाकर मारने का आरोप लगाया।

अमर साहनी के अनुसार, पड़ोसियों ने देर रात घटना की जानकारी दी थी। जब वह मौके पर पहुंचे तो कमरे में धुआं भरा हुआ था और रेखा देवी का अधिकांश शरीर जल चुका था।

नशे में विवाद के बाद वारदात का आरोप

पटना सिटी के एसएसपी राजकिशोर ने बताया कि रेखा देवी की हत्या के मामले में उनके बेटे चिंटू को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी नशे का आदी था और नशे की हालत में विवाद के बाद घटना होने की बात सामने आई है। मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

एएसपी राजकिशोर सिंह और खाजेकलां पुलिस ने शव को कमरे से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस के पहुंचने के बाद आरोपी चिंटू कथित तौर पर विक्षिप्त जैसी हरकत करने लगा। एएसपी ने बताया कि युवक नशे का आदी है और पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।

पुलिस की निगरानी में हुआ अंतिम संस्कार

एनएमसीएच में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद रेखा देवी का अंतिम संस्कार पुलिस की निगरानी में कराया गया। महिला की जलाकर हत्या किए जाने की घटना के बाद दुल्ली घाट और आसपास के इलाके में मातम का माहौल है।

Related Articles

Back to top button