अपराधदिल्ली

दिल्ली के सदर बाजार में 10 साल की छात्रा से दुष्कर्म का आरोप, दुकान में हाथ-पैर बांधकर वारदात; 56 साल का दर्जी गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के सदर बाजार इलाके में कक्षा छह में पढ़ने वाली 10 साल की छात्रा के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि कपड़ों की सिलाई करने वाले 56 वर्षीय मकसूद ने बच्ची को अपनी दुकान में खींच लिया और उसके हाथ-पैर बांधकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर दुष्कर्म, पॉक्सो और बंधक बनाने की धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक, बच्ची सदर बाजार इलाके में परिवार के साथ रहती है और एक निजी स्कूल में कक्षा छह की छात्रा है। आरोपी मकसूद उसके घर से कुछ दूरी पर कपड़ों की सिलाई का काम करता है। बुधवार रात करीब 10 बजे बच्ची कॉपी-पेन खरीदने के लिए अकेले बाजार जा रही थी। आरोप है कि जब वह मकसूद की दुकान के सामने से गुजरी तो उसने बच्ची को जबरन दुकान के अंदर खींच लिया।

दरवाजा खटखटाने पर आरोपी घबराया

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने दुकान के अंदर उसके हाथ-पैर बांध दिए और उसके साथ दुष्कर्म किया। इसी दौरान किसी ने दुकान का दरवाजा खटखटाया। इससे आरोपी घबरा गया। कुछ देर बाद उसने दरवाजा खोला, लेकिन बाहर किसी को नहीं देखकर बच्ची को दुकान के बाहर फेंक दिया और वहां से फरार हो गया।

काफी देर तक बच्ची के घर नहीं लौटने पर उसकी मां और मौसी उसे तलाशने के लिए निकलीं। दोनों को बच्ची आरोपी की दुकान के सामने बैठी मिली। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई।

महिला पुलिस थाने में गुरुवार को पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी मकसूद को गिरफ्तार कर लिया।

समयपुर बादली में पिता पर 4 साल की बेटी के यौन शोषण का आरोप

दिल्ली के समयपुर बादली इलाके में भी एक अलग मामले में 4 साल की बच्ची के यौन शोषण का आरोप उसके पिता पर लगा है। बच्ची की मां की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपहरण, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है।

पुलिस के अनुसार, 28 वर्षीय महिला ने बुधवार को शिकायत दी थी। महिला ने बताया कि उसका फरवरी में पति से तलाक हो गया था। आरोप है कि बुधवार को उसके पूर्व पति ने रोहिणी सेक्टर-18 इलाके से उनकी 4 साल की बेटी को अपने साथ ले लिया। इसकी शिकायत समयपुर बादली थाने में की गई थी।

इसी बीच शाम को आरोपी खुद ही बच्ची को लेकर थाने पहुंच गया। फिलहाल आरोपी पिता फरार बताया जा रहा है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

Related Articles

Back to top button