
भुवनेश्वर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ओडिशा प्रवास के दौरान भुवनेश्वर में ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी से उनके निवास पर सौजन्य भेंट की। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने विष्णु देव साय का आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान दोनों मुख्यमंत्रियों के बीच छत्तीसगढ़ और ओडिशा के आपसी सहयोग, विकास और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।
दोनों राज्यों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ और ओडिशा पड़ोसी राज्य होने के साथ-साथ सामाजिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक रूप से भी एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हुए हैं। दोनों राज्यों के सीमावर्ती इलाकों में रहने वाले लोगों के बीच भी लंबे समय से आत्मीय संबंध हैं।
उन्होंने कहा कि विकास और जनकल्याण से जुड़े विषयों पर छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बीच बेहतर समन्वय से नागरिकों को लाभ मिलेगा। साथ ही, दोनों राज्यों के बीच सहयोग से पूरे क्षेत्र के विकास को भी नई गति मिल सकती है।



