मध्य प्रदेशराज्य

नरोत्तम मिश्रा का फिर दिखा दम, 500 गाड़ियों के काफिले के साथ पहुंचे दतिया; जेसीबी से पुष्पवर्षा, मुकुट पहनाकर हुआ स्वागत

दतिया: मध्य प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री और भाजपा नेता नरोत्तम मिश्रा एक बार फिर बड़े काफिले के साथ दतिया पहुंचे। करीब 500 गाड़ियों के लंबे काफिले के साथ उनकी यह यात्रा चर्चा में रही। दतिया से रतनगढ़ माता मंदिर तक करीब 60 किलोमीटर की दूरी तय करने में काफिले को ढाई घंटे से ज्यादा का समय लगा। रास्ते में 15 से अधिक जगहों पर हुए स्वागत कार्यक्रमों के चलते शुरुआत में करीब 50 वाहनों का काफिला रतनगढ़ पहुंचते-पहुंचते 500 गाड़ियों का हो गया।

पीतांबरा पीठ पर कार्यकर्ताओं ने लगाए नारे

नरोत्तम मिश्रा के पहुंचने से पहले पीतांबरा पीठ पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता ढोल-नगाड़ों के साथ उनका इंतजार करते नजर आए। जैसे ही काफिला मुख्य गेट पर पहुंचा, कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। फॉलो वाहन के सायरन के बीच काफिला बम-बम महादेव चौराहे से होते हुए सेवढ़ा चुंगी की ओर रवाना हुआ।

जेसीबी से हुई पुष्पवर्षा, महिलाओं ने किया पारंपरिक स्वागत

देहात थाने के पीछे झिरका बाग में काफिले का पहला स्वागत हुआ। इसके बाद दतिया-सेवढ़ा रोड पर मोरघाट और झाड़ियां में बनाए गए स्वागत द्वारों पर ग्रामीण रोली-चंदन और फूल-मालाएं लेकर खड़े रहे। नरोत्तम मिश्रा ने वाहन से उतरकर लोगों से मुलाकात की।

सिंधवारी तिराहे पर स्वागत का नजारा खास रहा। स्टेट हाईवे के दोनों ओर खड़ी जेसीबी मशीनों से युवाओं ने पुष्पवर्षा की, जबकि सड़क किनारे महिलाएं सिर पर कलश रखकर स्वागत गीत गाती नजर आईं। ग्रामीणों ने नरोत्तम मिश्रा को चांदी का मुकुट पहनाकर स्वागत किया।

कई गांवों और कस्बों में जारी रहा स्वागत का सिलसिला

इसके बाद धीरपुर, ररूआ, छिकाऊ, लक्ष्मणपुरा, इंदरगढ़, दोहर, सेगुआ और चरोखरा समेत कई स्थानों पर नरोत्तम मिश्रा का स्वागत किया गया। थरेट में भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व जिला महामंत्री संजीव गटवार ने जेसीबी से पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। इस दौरान सेवढ़ा विधायक प्रदीप अग्रवाल भी काफिले के साथ मौजूद रहे।

रतनगढ़ में बोले नरोत्तम मिश्रा- यही है विकसित भारत

रतनगढ़ में नवनिर्मित पुल पर नरोत्तम मिश्रा काफिले से नीचे उतरे और कार्यकर्ताओं से संवाद किया। उन्होंने पुल के निर्माण का जिक्र करते हुए कहा कि यह मोदी के विकसित भारत की तस्वीर है। उन्होंने कहा कि जिस इलाके में कभी दिन के समय आने से भी लोग डरते थे, वहां आज रात भर मेला लगता है।

स्वागत यात्रा में कुछ नेताओं की दूरी रही चर्चा में

नरोत्तम मिश्रा की इस स्वागत यात्रा के दौरान पूर्व प्रत्याशी आशुतोष तिवारी और उनके मौसेरे भाई एवं पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेंद्र बुधौलिया नजर नहीं आए। उनके समर्थकों की गैरमौजूदगी भी चर्चा में रही। राजनीतिक गलियारों में इसे लेकर अलग-अलग तरह की चर्चाएं होती रहीं।

Related Articles

Back to top button