राज्यहरियाणा

टक्कर के विवाद में हैवानियत, स्लीपर बस स्टाफ ने ट्रक ड्राइवर को पीटा, फोन छीना और किडनैप कर ले गए

अंबाला: हरियाणा की डायल 112 सेवा और अंबाला के नग्गल थाना पुलिस की मुस्तैदी से पंजाब से कथित तौर पर अगवा किए गए एक ट्रक ड्राइवर को सुरक्षित बरामद कर लिया गया। वाहनों की मामूली टक्कर के बाद हुए विवाद में एक निजी स्लीपर बस के ड्राइवर और कंडक्टर पर ट्रक चालक के साथ मारपीट करने, उसका मोबाइल फोन छीनने और उसे जबरन बस में बैठाकर ले जाने का आरोप है। पुलिस ने टोल प्लाजा पर नाकाबंदी कर संदिग्ध बस को रोककर ट्रक ड्राइवर को छुड़ा लिया।

मामूली टक्कर के बाद शुरू हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक, यह घटना पंजाब के रोपड़ इलाके की है। अमृतसर की तरफ जा रहे एक ट्रक की राम दलाल टूरिस्ट कंपनी की स्लीपर बस से साइड में टक्कर हो गई। टक्कर के कारण बस का शीशा टूट गया। इसी बात को लेकर बस के ड्राइवर और कंडक्टर ने कथित तौर पर ट्रक चालक के साथ मारपीट शुरू कर दी।

आरोप है कि बस स्टाफ ने ट्रक चालक का मोबाइल फोन भी छीन लिया और उसे जबरन स्लीपर बस में बैठा लिया। इसके बाद बस नंबर UK-07PA-6572 से चंडीगढ़ के रास्ते जयपुर की ओर रवाना हो गए।

ट्रक मालिक से भी नहीं हो सकी ड्राइवर की बात

घटना की जानकारी मिलने के बाद ट्रक ड्राइवर ने किसी तरह अपने मालिक को इसकी सूचना दी। ट्रक मालिक ने बस स्टाफ से नुकसान की भरपाई करने यानी मुआवजा देने की बात कही, लेकिन आरोप है कि इसके बाद बस चालकों ने उसका फोन उठाना बंद कर दिया। ट्रक ड्राइवर से भी उसकी बातचीत नहीं होने दी गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए ट्रक मालिक ने अंबाला में अपने एक परिचित के जरिए तुरंत डायल 112 पर शिकायत दी। सूचना मिलते ही डायल 112 और नग्गल थाना पुलिस सक्रिय हो गई।

टोल प्लाजा पर नाकाबंदी कर बस को रोका

पुलिस टीम ने संदिग्ध बस को पकड़ने के लिए टोल प्लाजा पर नाकाबंदी की। जैसे ही बताई गई बस वहां पहुंची, पुलिस ने उसे रुकवा लिया और उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान बस के अंदर से ट्रक ड्राइवर को सुरक्षित बरामद कर लिया गया।

पुलिस ने बस को जब्त करते हुए उसके ड्राइवर और कंडक्टर को हिरासत में ले लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button