ज्ञान भंडार

बागेश्वर के बदियाकोट भगवती मंदिर में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, सीएम धामी ने दिए पुनर्निर्माण के निर्देश

बागेश्वर ( दस्तक डेस्क) : बागेश्वर के बदियाकोट स्थित प्राचीन मां भगवती मंदिर में आग लग जाने के बाद प्रारंभिक जांच में आग का कारण शार्ट सर्किट बताया गया है। आग से मंदिर पूरी तरह जलकर राख हो गया। मुख्यमंत्री धामी ने फेसबुक पर पोस्ट साझा कर मंदिर को पहुंची क्षति को दुखद बताया। उन्होंने जिलाधिकारी को नुकसान का आकलन करने और पुनर्निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने के निर्देश दिए हैं।

इस घटना में मंदिर में चढ़ाए गए सोने-चांदी के आभूषण और अन्य सामग्री भी नष्ट हो गई। मंदिर कमेटी के अध्यक्ष भरत सिंह दानू ने करीब चार करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया है। ऐसे में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का इसके पुनर्निर्माण हेतु तत्काल निर्देश दिये है।

मंदिर में अग्नि की घटना की सूचना:

डौला गांव के ग्रामीणों ने मंदिर से धुआं उठता देखा और मंदिर कमेटी के लोगों को सूचना दी। ग्रामीणों के एकत्र होने तक आग पूरे मंदिर में फैल चुकी थी। सूचना मिलने पर तहसील और पुलिस प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। क्षेत्रीय विधायक सुरेश गढ़िया ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मंदिर परिसर का मुआयना किया और कमेटी पदाधिकारियों, चौकीदार समेत अन्य लोगों से जानकारी जुटाई। चौकीदार ने बताया कि मंदिर में जलाए जाने वाले दीपकों का तेल रात में समाप्त होने के बाद वे बुझ गए थे।

कपकोट के प्रभारी थानाध्यक्ष एसआइ राजेंद्र सिंह ने कहा कि प्रथम दृष्टया आग शार्ट सर्किट से लगने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। भरत सिंह दानू ने बताया कि मंदिर को दोबारा बनाने के प्रयास जल्द शुरू किए जाएंगे। प्राचीन मंदिर के नष्ट होने से क्षेत्र के लोग स्तब्ध हैं।

Related Articles

Back to top button