उत्तराखंड

चकराता की दुल्हन ने लगाई सड़क की गुहार, सीएम धामी ने दे दिए आदेश

चकराता ( दस्तक डेस्क) : उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का रिस्पोंसिव और प्रो केयरिंग नेचर का उदाहरण एक बार फिर से सामने आया है। बुल्हाड़ से उदांवा गांव बारात लेकर पैदल पहुंची दुल्हन शर्मीला ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से उनकी अपील का संज्ञान लेने पर आभार जताया है, लेकिन सीएम को असली धन्यवाद सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर ही देने की बात की है। यहां इस बात का भी जिक्र करना जरूरी है कि सीएम धामी किसी धन्यवाद या क्रेडिट की धारणा से काम नहीं करते बल्कि जनकल्याण के सशक्त आदर्शों पर चलना उनकी आदत है। ये उनका अनुशासन है कि सर्विस डिलीवरी अगर जरूरी है तो उसमें कोई हिला हवाली न हो और तत्काल काम किया जाए।

नव विवाहिता शर्मीला ने कहा कि वह मुख्यमंत्री का वास्तविक धन्यवाद तभी करेंगी, जब उदावा गांव के लिए सड़क निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बार शासन स्तर से मिले निर्देश के बाद सड़क निर्माण की दिशा में ठोस कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि उदांवा गांव की सड़क निर्माण को लेकर पूर्व में भी कई बार आश्वासन मिल चुके है, लेकिन अब तक धरातल पर काम शुरू नहीं हो सका है।

जनजातीय क्षेत्र जौनसार बावर अपनी अनूठी लोक परंपराओं, विशिष्ट संस्कृति, रीति-रिवाजों और पारंपरिक खानपान के लिए देश-दुनिया में अलग पहचान रखता है। यहां की सदियों पुरानी विवाह परंपराएं भी क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इन्हीं में एक परंपरा है ””जोजोड़ा””, जिसमें दुल्हन बारात लेकर अपने मायके से ससुराल पहुंचती है। हालांकि, आधुनिक दौर में क्षेत्र में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ-साथ दूल्हे की बारात दुल्हन के घर पहुंचने वाली शादियां भी होने लगी हैं। लेकिन इन विवाह समारोहों के बीच आज भी क्षेत्र के कुछ गांवों में सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव लोगों की मुश्किलें बढ़ा रहा है। विवाह के लिए नई नवेली दुल्हन शर्मिला को बारात लेकर अपनी ससुराल तक पहुंचने के लिए करीब चार घंटे का पैदल सफर तय करना पड़ा। इसलिए महिला ने सीएम धामी से समाधान की अपेक्षा की।

वहीं रुद्र सेना के संस्थापक राकेश उत्तराखंडी ने भी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने शासन को निर्देशित कर दुल्हन की पीड़ा के साथ ही आजादी के बाद से उदांवा गांव की सड़क निर्माण की मांग को पूरा करने की पहल की है। लोगों को अब सड़क निर्माण कार्य शुरू होने का इंतजार है।

Related Articles

Back to top button