गैरसैंण: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को गैरसैंण (भराड़ीसैंण) में चमोली जिले की 231.91 करोड़ रुपये की 12 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 197.87 करोड़ रुपये की छह योजनाओं का शिलान्यास और 34.04 करोड़ रुपये की लागत से पूरी हुई छह योजनाओं का लोकार्पण शामिल है। इन परियोजनाओं से पेयजल आपूर्ति, सड़क संपर्क, शिक्षा, स्वास्थ्य, भू-धंसाव से सुरक्षा और पुलिस एवं अग्निशमन सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
रामगंगा नदी पर बांध निर्माण के लिए 122.69 करोड़ रुपये
मुख्यमंत्री ने जिन छह योजनाओं का शिलान्यास किया, उनमें गैरसैंण शहर और आसपास की आबादी को पेयजल उपलब्ध कराने के लिए रामगंगा नदी पर बांध निर्माण की योजना प्रमुख है। इस परियोजना पर 122.69 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
इसके अलावा कर्णप्रयाग विकासखंड के बहुगुणानगर में भू-धंसाव से सुरक्षा संबंधी कार्यों के लिए 50 करोड़ 18 लाख 68 हजार रुपये की योजना का शिलान्यास किया गया। इसका उद्देश्य क्षेत्र में भू-धंसाव से प्रभावित आबादी की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

पॉलिटेक्निक भवन और आयुर्वेदिक अस्पताल के कार्य भी शामिल
शिलान्यास की गई अन्य योजनाओं में 12 करोड़ 16 लाख 64 हजार रुपये की लागत से राजकीय पॉलिटेक्निक गैरसैंण के भवन का निर्माण शामिल है। वहीं, राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय बछुवाबाण में भवन अनुरक्षण के लिए 22 लाख 75 हजार रुपये की योजना की शुरुआत की गई।
सड़क संपर्क बेहतर बनाने के लिए 6 करोड़ 99 लाख 20 हजार रुपये की लागत से कुमोली रैवान मोटर मार्ग के किलोमीटर दो से फरखण्डे मोटर मार्ग तक संबंधित कार्य और 5 करोड़ 60 लाख 50 हजार रुपये की लागत से गैरसैंण-पज्याणा मोटर मार्ग के किलोमीटर दो से कुमोली रैवान मोटर मार्ग तक संबंधित कार्यों का भी शिलान्यास किया गया।
34.04 करोड़ रुपये की छह योजनाओं का लोकार्पण

मुख्यमंत्री ने 34.04 करोड़ रुपये की लागत से पूरी हुई छह विकास परियोजनाओं का लोकार्पण भी किया। इनमें 14 करोड़ 82 लाख 32 हजार रुपये की लागत से खजुरखाल-भण्डारीखोड़-कुनीगाड़ मोटर मार्ग (बछुवाबाण-चौखुटिया) के उच्चीकरण का कार्य शामिल है।
इसके साथ ही 4 करोड़ 37 लाख 86 हजार रुपये की लागत से राजकीय इंटर कॉलेज गैरसैंण में निर्मित ऑडिटोरियम भवन का उद्घाटन किया गया। इससे विद्यालय में शैक्षिक और अन्य सामूहिक गतिविधियों के लिए सुविधा उपलब्ध होगी।
सड़कों के सुधार और डामरीकरण से आवागमन को मिलेगी सुविधा
सड़क सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए सारकोट-भराड़ीसैंण मोटर मार्ग के किलोमीटर छह से 11 तक सुधार और डामरीकरण का कार्य पूरा किया गया है। इस परियोजना पर 4 करोड़ 3 लाख 41 हजार रुपये खर्च हुए।
वहीं, कारगिल शहीद रणजीत सिंह (आगर-जिनगोड़) मोटर मार्ग के किलोमीटर एक से आठ तक सुधार, डामरीकरण और नवीनीकरण का कार्य 2 करोड़ 17 लाख 98 हजार रुपये की लागत से पूरा किया गया। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में सड़क संपर्क और आवागमन को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
पुलिस थाना और फायर यूनिट भवन का उद्घाटन
गैरसैंण में पुलिस और अग्निशमन सेवाओं की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए दो भवनों का लोकार्पण किया गया। इनमें 4 करोड़ 37 लाख 70 हजार रुपये की लागत से निर्मित फायर यूनिट भवन और 4 करोड़ 24 लाख 88 हजार रुपये की लागत से बना थाना गैरसैंण भवन शामिल है।
इन सुविधाओं से क्षेत्र में पुलिस प्रशासन और अग्निशमन सेवाओं के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में मंत्री और अधिकारी रहे मौजूद
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, डॉ. धन सिंह रावत, भरत चौधरी, स्थानीय विधायक अनिल नौटियाल, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।




