अन्तर्राष्ट्रीय

ट्रंप ने उत्तरी मारियाना द्वीप समूह में चीनी नागरिकों के वीजा-मुक्त प्रवेश कार्यक्रम को किया निलंबित

नई दिल्ली ( दस्तक डेस्क) : अमरीका के राष्ट्रपति डॉनाल्ड ट्रंप के प्रशासन ने उत्तरी मारियाना द्वीप समूह में चीनी नागरिकों को बिना वीजा 14 दिन तक रहने की अनुमति देने वाले कार्यक्रम को निलंबित कर दिया है। प्रशासन ने यह कदम राष्ट्रीय सुरक्षा और आव्रजन संबंधी चिंताओं के मद्देनजर उठाया है।

अमरीका के गृह सुरक्षा विभाग ने कहा कि इस कार्यक्रम से कानून-व्यवस्था, अवैध आव्रजन और संवेदनशील सैन्य ठिकानों के आसपास जासूसी की आशंका से जुड़े जोखिम पैदा हो रहे थे। विभाग के अनुसार वित्त वर्ष 2025 में तीन हजार से अधिक चीन के नागरिकों ने इस कार्यक्रम का लाभ उठाया था। विभाग ने यह आशंका भी जताई कि इस योजना का इस्तेमाल जन्म पर्यटन के लिए किया जा सकता है। इसके अंतर्गत अमरीका में जन्म लेने वाले बच्चों को अमरीका की नागरिकता का दावा करने का अवसर मिल सकता है।

अमरीकी सीनेटर माइक ली ने इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि इससे जन्म पर्यटन के लिए इस्तेमाल की जा सकने वाली एक खामी बंद हो गई है। इसके बाद चीनी नागरिकों को उत्तरी मारियाना द्वीप समूह की यात्रा के लिए उचित वीजा लेना होगा। हालांकि, वहां पहले से कानूनी रूप से मौजूद लोग अपनी अधिकृत प्रवास अवधि समाप्त होने तक रह सकते हैं।

अमरीका के गृह सुरक्षा विभाग ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी चिंताएं उन स्थानीय कारोबारों पर पड़ने वाले संभावित आर्थिक प्रभाव से अधिक महत्वपूर्ण हैं, जो चीनी पर्यटकों और व्यापार पर निर्भर हैं।

Related Articles

Back to top button