अन्तर्राष्ट्रीय

ब्राजील में चुनाव खत्म होते ही भारी ड्रामा; हार के बाद अमेरिका भाग गए बोल्सोनारो

नई दिल्ली ( दस्तक डेस्क) : ब्राजील में हाल ही में हुए राष्ट्रपति चुनाव के बाद अब एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यहां चुनाव में करारी शिकस्त मिलने के बाद पूर्व राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो के बेटे और सीनेटर फ्लावियो बोल्सोनारो देश छोड़कर अमेरिका भाग गए हैं। मियामी के स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट्स के मुताबिक 45 साल के फ्लावियो मंगलवार को फ्लोरिडा पहुंचे हैं। यहां उनके भाई एडुआर्डो बोल्सोनारो ने उनका स्वागत किया। एडुआर्डो वहीं शख्स हैं जो डोनाल्ड ट्रंप के पक्ष में पैरवी करने के लिए पिछले साल से ही अमेरिका में रह रहे हैं।

इससे पहले फ्लावियो बोल्सोनारो ने अपने पिता की तरह रविवार को हुए राष्ट्रपति चुनाव में अपनी हार स्वीकार करने से इनकार कर दिया था। बता दें कि इस चुनाव में मौजूदा राष्ट्रपति लुला डा सिल्वा ने चौथी बार जीत दर्ज इतिहास रच दिया है। उन्हें 51.8 फीसदी वोट मिले। यह चुनाव इसीलिए भी अहम था कि क्योंकि लूला डोनाल्ड ट्रंप के धुर आलोचक रहे हैं। अब उनकी जीत देश में दक्षिणपंथी राजनीति के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।

फ्लावियो बोल्सोनारो के अमेरिका भागने की खबरें ऐसे समय में सामने आई हैं जब चुनाव में हार मिलते ही उनके देश छोड़ने पर रोक लगा दी गई और उन्हें अपने सभी पासपोर्ट जमा करने का आदेश दिया गया था। यह आदेश ब्राजील के सुप्रीम कोर्ट के जज एलेक्जेंड्रे डी मोरेस ने जारी किया था। इससे पहले फ्लावियो के पिता और पूर्व राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो के खिलाफ कथित तख्तापलट की कोशिश से जुड़े मुकदमे की भी सुनवाई इसी जज ने की थी।

फ्लावियो ने इस आदेश को लेकर एक बयान भी जारी किया था। सोशल मीडिया पर साझा एक वीडियो में बताया कि वह ब्रासीलिया में नजरबंद अपने पिता से मिलकर लौटे थे, तभी संघीय पुलिस ने उन्हें आदेश सौंपा। उन्होंने दावा किया कि यह कार्रवाई उनके भाई एडुआर्डो बोल्सोनारो के शुक्रवार को एक अमेरिकी पॉडकास्ट में दिए गए एक साक्षात्कार के आधार पर की गयी, जिसमें एडुआर्डो ने चुनाव हारने की स्थिति में उन्हें ब्राजील छोड़ने की सलाह दी थी। हालांकि बोल्सोनारो ने कहा कि उन्होंने ऐसा कभी नहीं कहा और देश छोड़ने की कोई मंशा जाहिर करने से इनकार किया। फ्लावियो के खिलाफ ब्राजील में भ्रष्टाचार, मनी लॉन्ड्रिंग और कर चोरी जैसे कई आपराधिक मामलों में भी जांच चल रही है।

अमेरिका ने दिया वीजा ?

इससे पहले अमेरिकी विदेश विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने एक बयान में कहा था कि अमेरिका फ्लावियो और उनके परिवार को वीजा देगा। हालांकि फिलहाल इस पर आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा गया है। यहां तक कि फ्लावियो के मैनेजर ने भी उनके देश छोड़ने की खबरों पर हैरानी जताई है। उन्होंने बताया कि सुबह फ्लावियो का एक मैसेज आया था कि वे बाद में बात करेंगे, लेकिन उसके बाद से उनसे कोई संपर्क नहीं हो सका है।

राष्ट्रपति लूला ने बताया शर्मनाक

इधर फ्लावियो के देश छोड़कर भागने की खबरों पर ब्राजील के राष्ट्रपति लूला डा सिल्वा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। लूला ने इस कदम की निंदा करते हुए कहा, “जो व्यक्ति चुपचाप अपने देश से भाग जाता है, उसके पास जरूर कुछ छिपाने के लिए होता है। ब्राजील छोड़कर जाने का यह कदम बेहद शर्मनाक है।” बता दें कि फ्लावियो के पिता जायर बोल्सोनारो भी 2022 के चुनाव में लूला से हारने के बाद गिरफ्तारी से बचने के लिए अमेरिका भाग गए थे। तख्तापलट की साजिश रचने के आरोप में जायर बोल्सोनारो फिलहाल 27 साल की जेल की सजा काट रहे हैं।

Related Articles

Back to top button