मध्य प्रदेशराज्य

बुरहानपुर में ग्राहक बनकर आईं 3 महिलाओं ने उड़ाए 45 लाख के जेवर, साड़ी में छिपाया बॉक्स; CCTV में कैद हुई चोरी

बुरहानपुर: मध्यप्रदेश के बुरहानपुर में एक सराफा दुकान पर चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। ग्राहक बनकर पहुंचीं तीन महिलाओं ने दुकानदार का ध्यान भटकाकर करीब 45 लाख रुपये के सोने के जेवरों से भरा बॉक्स कथित तौर पर चोरी कर लिया। महिलाओं ने गहने देखने के दौरान मौका पाकर बॉक्स साड़ी में छिपाया और दुकान से निकल गईं। पूरी घटना दुकान में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस फुटेज के आधार पर महिलाओं की पहचान करने और उनकी तलाश में जुट गई है।

गहने दिखाते समय दुकानदार का ध्यान भटकाया, साड़ी में छिपाया बॉक्स

यह वारदात बुरहानपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र में फव्वारा चौक स्थित एक सराफा दुकान की है। सोमवार शाम करीब 6 बजे तीन महिलाएं ग्राहक बनकर दुकान में पहुंचीं। दुकानदार ने उन्हें सोने के गहने दिखाने शुरू किए। इसी दौरान महिलाओं ने उसका ध्यान दूसरी ओर लगाने की कोशिश की।

आरोप है कि इसी मौके का फायदा उठाकर एक महिला ने जेवरों से भरा बॉक्स अपनी साड़ी में छिपा लिया। इसके बाद तीनों कुछ देर तक दुकान में रहीं और फिर वहां से चली गईं। शुरुआत में दुकानदार को बॉक्स गायब होने का पता नहीं चला।

करीब 15 मिनट बाद सामान कम होने का शक हुआ तो दुकानदार ने CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी। फुटेज में महिलाओं की संदिग्ध गतिविधियां सामने आने के बाद पुलिस को सूचना दी गई।

दुकान के बाहर बाइक लेकर खड़ा था एक व्यक्ति, अन्य साथियों की भूमिका भी जांच के घेरे में

वारदात के बाद चोरी में अन्य लोगों की संभावित भूमिका की भी जांच की जा रही है। बताया गया है कि सड़क किनारे हेलमेट पहने एक व्यक्ति बाइक लेकर खड़ा था। तीन महिलाओं में से एक उसके साथ बाइक पर बैठकर निकल गई, जबकि बाकी दो महिलाएं आगे बढ़ीं और बाद में एक अन्य बाइक पर सवार होकर वहां से चली गईं।

इस घटनाक्रम से आशंका जताई जा रही है कि वारदात में महिलाओं के अलावा दूसरे लोग भी शामिल हो सकते हैं। हालांकि, चोरी में कुल कितने लोग शामिल थे और उनकी क्या भूमिका रही, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

CCTV फुटेज से आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश, मुखबिर भी सक्रिय

बुरहानपुर के सिटी एसपी विनोद सिंह कुशवाह के मुताबिक, चोरी की घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के फव्वारा चौक स्थित अनिल अग्रवाल की लक्ष्मण किशोर जुगलकिशोर सराफा दुकान में हुई। वारदात सोमवार शाम करीब 6 बजे की बताई गई है।

पुलिस को मामले से जुड़े कुछ CCTV फुटेज मिले हैं। आरोपियों का पता लगाने के लिए मुखबिरों को भी सक्रिय किया गया है। पुलिस ने जल्द आरोपियों को पकड़ने की बात कही है। फिलहाल जांच जारी है और पुलिस महिलाओं की पहचान, चोरी गए जेवरों की बरामदगी तथा वारदात में अन्य लोगों की संभावित भूमिका का पता लगाने में जुटी है।

Related Articles

Back to top button