
पटना: तिरहुत स्नातक सीट से लगातार दूसरी बार जीत दर्ज करने के बाद निर्दलीय एमएलसी बंशीधर ब्रजवासी ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की। वह अपनी पत्नी, बेटी और बेटे के साथ लोकसेवक आवास पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री ने उनका स्वागत किया। इस दौरान ब्रजवासी ने सम्राट चौधरी के प्रति आभार जताया और उन्हें बड़े दिल वाला नेता बताया। वहीं, उन्होंने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर भी निशाना साधा। ब्रजवासी ने मुलाकात की वजह स्पष्ट करते हुए कहा कि इसे राजनीतिक नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने फिलहाल किसी राजनीतिक दल में शामिल होने की संभावना से भी इनकार किया।
तिरहुत शिक्षक एमएलसी सीट पर दोबारा जीत हासिल करने वाले प्रो. नरेंद्र सिंह ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात की। सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया पर दोनों नेताओं के साथ तस्वीर साझा कर उन्हें जीत की बधाई दी।
बंशीधर ब्रजवासी ने तिरहुत स्नातक सीट पर जदयू प्रत्याशी अभिषेक झा को लगातार दूसरी बार शिकस्त दी है। वर्ष 2024 में देवेश चंद्र ठाकुर के इस्तीफे के बाद हुए उपचुनाव में ब्रजवासी पहली बार दो साल के लिए एमएलसी चुने गए थे। सीतामढ़ी से सांसद बनने के बाद देवेश चंद्र ठाकुर ने तिरहुत स्नातक एमएलसी पद छोड़ दिया था। उस चुनाव में भी जदयू ने अभिषेक झा को उम्मीदवार बनाया था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। वर्ष 2026 के एमएलसी चुनाव में ब्रजवासी ने इस बार और अधिक मतों के अंतर से अभिषेक झा को हराया।
मुख्यमंत्री से मुलाकात को बताया शिष्टाचार भेंट
बंशीधर ब्रजवासी ने मुलाकात के बारे में बताया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का उन्हें हमेशा स्नेह मिलता रहा है। चुनाव में जीत के बाद गुरुवार को उन्होंने मुख्यमंत्री से शिष्टाचार मुलाकात के लिए समय मांगा था। तय समय पर वह लोकसेवक आवास पहुंचे और उनसे मुलाकात की।
एमएलसी ने कहा कि सम्राट चौधरी बिहार के मुख्यमंत्री हैं। जनहित और विकास से जुड़े कामों को आगे बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री के साथ बेहतर संपर्क बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह केवल शिष्टाचार मुलाकात थी और इसका कोई राजनीतिक मतलब नहीं निकाला जाना चाहिए। ब्रजवासी के मुताबिक, जनहित के कई मुद्दों पर पहले भी मुख्यमंत्री से उनकी मुलाकात होती रही है और उन्हें सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलती रही है। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले दिनों में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से मिलने की संभावना है।
तेजस्वी यादव को लेकर क्या बोले बंशीधर ब्रजवासी?
तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए बंशीधर ब्रजवासी ने कहा कि वह इतने दरिद्र निकले कि उनकी जीत पर बधाई के लिए एक शब्द तक नहीं कह सके। उन्होंने कहा कि सदन के साथी होने के नाते पहले से ही तेजस्वी यादव के साथ उनके संबंध रहे हैं।
ब्रजवासी ने जदयू उम्मीदवार को हराने के बावजूद उपमुख्यमंत्री और जदयू के वरिष्ठ नेता विजय कुमार चौधरी की ओर से खुले तौर पर बधाई दिए जाने का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि विजय कुमार चौधरी ने उनकी जीत पर बधाई दी, लेकिन नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने ऐसा करना भी जरूरी नहीं समझा।



