उत्तर प्रदेशमेरठराज्य

मेरठ में अर्नब तूफान का असर, बारिश के बाद हवा साफ, मेरठ का एक्यूआई 50 पर

बारिश के चलते फसलों को नुकसान होने की आशंका है।

मेरठ। अर्नब तूफान का असर मेरठ और एनसीआर में भी दिखाई दे रहा है। अर्नब तूफान के चलते मेरठ और आसपास के जिलों में बारिश व तेज हवाओं का दौर जारी है। बारिश के चलते मेरठ का तापमान 25 डिग्री से नीचे है। मेरठ का AQI 50 दर्ज किया गया है। बारिश के चलते फसलों को नुकसान होने की आशंका है।
अर्नब तूफान के असर से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम बदला
अर्नब तूफान के असर से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम बदला है। मेरठ और एनसीआर में पिछले 24 घंटे से हल्की रूक—रूककर बारिश हो रही है। बारिश और तेज हवाओं से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। दिन का तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के नीचे है। सुबह और शाम के समय ठंडक महसूस हो रही है।
मौजूद धूल और प्रदूषक कणों का स्तर गिरा
बारिश और तेज हवा के चलते वातावरण में मौजूद धूल और प्रदूषक कणों का स्तर गिरा है। आज शुक्रवार की सुबह मेरठ का AQI 53, बागपत का 60 और मुजफ्फरनगर का 80 दर्ज किया है। इससे पहले बृहस्पतिवार को मेरठ का AQI 190, बागपत का 199 और मुजफ्फरनगर का 145 दर्ज किया था। एक दिन में जिलों की हवा की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
बारिश में धान की फसल गिरने और अनाज खराब होने का खतरा
बेमौसम बारिश के चलते किसानों की चिंता बढ़ी है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में इस समय धान की फसल पूरी तरह से तैयार हो गई है। धान की कटाई और मड़ाई का काम जारी है। कृषि वैज्ञानिक के अनुसार, बारिश और तेज हवा से धान की फसल गिर सकती है। इससे धान के दानों की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है। जिन किसानों ने धान काटकर खुले स्थानों पर रखा है। उनकी उपज बारिश में भीग सकती है। नमी बढ़ने से अनाज में फफूंद लगने और भंडारण में दिक्कत आने का खतरा है। कटी हुई फसल भीगने से मड़ाई में देरी हो सकती है। इससे कटाई और ढुलाई में परेशानी बढ़ सकती है। खेतों में पानी भरने से फसलों की जड़ों और बढ़वार पर असर पड़ सकता है।

Related Articles

Back to top button