अन्तर्राष्ट्रीय

अमेरिका में सत्ता किसी की भी हो, ईरान के खिलाफ नहीं बदलेगी नीति… मोजतबा खामेनेई ने वाशिंगटन को दी चेतावनी

तेहरान: ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई ने साफ कहा है कि अमेरिका में सत्ता परिवर्तन या किसी राजनीतिक पार्टी की जीत से ईरान के प्रति वाशिंगटन का रवैया नहीं बदलेगा। उन्होंने कहा कि अमेरिकी सरकार पर चाहे रिपब्लिकन का नियंत्रण हो या डेमोक्रेट्स का, तेहरान के प्रति उसकी दुश्मनी जारी रहेगी। अमेरिकी मिडटर्म चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी की हार के बाद अमेरिका की नीति में नरमी की उम्मीद कर रहे लोगों को उन्होंने गलतफहमी में बताया।

खामेनेई के मुताबिक, अमेरिकी सरकार पर किस पार्टी का नियंत्रण है या ईरान की ओर से कोई रियायत दी जाती है, इससे वाशिंगटन की नीति प्रभावित नहीं होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनावी नतीजों के आधार पर अमेरिका के ईरान विरोधी रुख में बदलाव की उम्मीद करना सही नहीं है।

नए हमले पर पहले से भी बड़े जवाब की चेतावनी

ईरानी सुप्रीम लीडर ने अमेरिका को चेतावनी दी कि अगर उसने ईरान पर दोबारा सैन्य हमला किया तो इस बार तेहरान का जवाब पहले से कहीं ज्यादा व्यापक होगा। उन्होंने कहा कि ईरान अपनी रक्षा तैयारियों को मजबूत कर रहा है और किसी भी हमले का जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है।

खामेनेई ने क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर ईरान के हमलों और होर्मुज जलडमरूमध्य पर नियंत्रण का भी जिक्र किया। उन्होंने इन कदमों को अमेरिकी दबदबे के खिलाफ तेहरान की सुनियोजित मुहिम का हिस्सा बताया। उनका कहना था कि अमेरिका अपने वैश्विक वर्चस्व के अंत को अभी दूर मान रहा है, जबकि ईरान को यह अंत करीब दिखाई दे रहा है।

गालिबफ बोले- अमेरिकी जनता ने युद्ध के खिलाफ दिया संदेश

खामेनेई के बयान के बीच ईरान के मुख्य वार्ताकार और संसद के स्पीकर मोहम्मद बाघेर गालिबफ ने भी अमेरिकी मिडटर्म चुनाव के नतीजों पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अमेरिकी मतदाताओं ने युद्ध के खिलाफ अपना संदेश दिया है।

गालिबफ ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि अमेरिकियों ने अपनी अंतरात्मा की आवाज और जान की कीमत को ध्यान में रखते हुए युद्ध को ना कहा है। ईरान इस संदेश का समर्थन करता है। उन्होंने वाशिंगटन को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर उसने अंतरराष्ट्रीय सौदागरों और ब्लैकमेल करने वालों के हित में अपनी जनता की इच्छा के साथ धोखा किया तो उसे ईरान के इनकार का सामना करना पड़ेगा।

ट्रंप ने ईरान और महंगे ईंधन को हार की वजह बताया

अमेरिकी मिडटर्म चुनाव में डेमोक्रेट्स की जीत को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के लिए बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है। चुनावी नतीजों पर प्रतिक्रिया देते हुए ट्रंप ने स्वीकार किया कि युद्ध और पेट्रोल की कीमतों में बढ़ोतरी के कारण रिपब्लिकन पार्टी को नुकसान उठाना पड़ा।

फॉक्स न्यूज को दिए साक्षात्कार में ट्रंप ने कहा कि उन्हें लगता है कि हार की एक वजह ईरान भी था। उनके मुताबिक, मतदाता तेहरान के खिलाफ उनके कदमों से सहमत थे, लेकिन ईंधन की बढ़ती कीमतों के तात्कालिक आर्थिक असर का सामना करने के लिए शायद तैयार नहीं थे।

Related Articles

Back to top button