नैनीताल: धनतेरस और सप्ताहांत के दौरान कैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संभावित भीड़ को देखते हुए पुलिस ने 6 से 8 नवंबर तक विशेष यातायात योजना लागू की है। इस दौरान कई मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी और बसों तथा बड़े वाहनों को वैकल्पिक रास्तों से भेजा जाएगा। कैंची धाम क्षेत्र में टैक्सी और दोपहिया वाहनों के प्रवेश पर भी रोक रहेगी। पुलिस-प्रशासन ने लोगों से निर्धारित मार्गों और पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करने की अपील की है।
कैंची धाम और भवाली में तीन दिन रहेगा डायवर्जन
पुलिस के मुताबिक, 6 से 8 नवंबर तक सुबह 9 बजे से रात 10 बजे तक विशेष डायवर्जन व्यवस्था लागू रहेगी। वहीं सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक सभी छोटे-बड़े मालवाहक वाहनों के शहर में प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। जरूरी सामान की आपूर्ति करने वाले वाहनों को भी बाईपास मार्गों से भेजा जाएगा।
सुबह 5 बजे से रात 8 बजे तक बसों और चौपहिया वाहनों को भी वैकल्पिक रास्तों पर डायवर्ट किया जाएगा। पहाड़ी जिलों से मैदानी क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहन लमगड़ा, धनाचूली, धारी, खुटानी और भीमताल मार्ग से निकलेंगे। काठगोदाम से रानीखेत जाने वाले वाहनों को मुक्तेश्वर-रामगढ़ मार्ग से भेजा जाएगा।
निजी वाहनों के लिए पार्किंग और शटल सेवा की व्यवस्था
भीमताल की ओर से आने वाले निजी वाहनों को विकास भवन में पार्क कराया जाएगा। वहीं ज्योलीकोट, गेठिया और नैनीताल की तरफ से आने वाले वाहन भवाली सैनिटोरियम पार्किंग में खड़े होंगे। यहां से यात्रियों के लिए शटल सेवा उपलब्ध कराई जाएगी।
कैंची धाम क्षेत्र में टैक्सी और दोपहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। स्थानीय वाहन खैरना, गरमपानी और बेतालघाट जाने के लिए दूनीखाल-रातीघाट मार्ग का इस्तेमाल कर सकेंगे।
हल्द्वानी में बाजार के अंदर वाहनों की नो एंट्री
त्योहारी खरीदारी के कारण हल्द्वानी में भी यातायात का दबाव बढ़ गया है। गुरुवार को सुबह से देर शाम तक शहर की प्रमुख सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। नैनीताल रोड पर डीएम आवास से रोडवेज बस स्टेशन और आगे बेस अस्पताल से सिंधी चौराहे तक जाम की स्थिति बनी रही।
रामपुर रोड पर सिंधी चौराहे से एचएन इंटर कॉलेज और एसटीएच से उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय मार्ग तक यातायात प्रभावित रहा। कालाढूंगी मार्ग पर जेल रोड तिराहे से पर्वतीय उत्थान मंच तक वाहनों की कतारें लगी रहीं। मुखानी चौराहे से ऊंचापुल तक भी जाम के कारण वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी हुई।
एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बताया कि त्योहार के चलते बाजार में भीड़ बढ़ने से यातायात का दबाव बढ़ा है। जाम से निपटने और व्यवस्था सुचारू रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।
इन चौराहों से बाजार में नहीं जा सकेंगे वाहन
मंगलपड़ाव, सिंधी चौराहा, सिटी चौराहा, कालाढूंगी चौराहा, ओके होटल और ताज चौराहे से बाजार के भीतर किसी भी वाहन को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल तय किए गए हैं। बरेली रोड से आने वाले वाहन लक्ष्मी शिशु मंदिर मैदान में खड़े होंगे। रामपुर रोड के वाहनों के लिए एचएन इंटर कॉलेज परिसर में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। कालाढूंगी रोड से आने वाले वाहन हीरानगर स्थित निर्धारित पार्किंग में खड़े होंगे। मुख्य बाजार जाने वाले वाहन रामलीला मैदान और रेलवे स्टेशन परिसर में पार्क किए जाएंगे।
ऑटो, ई-रिक्शा और मैजिक के लिए भी बदली व्यवस्था
ऑटो, ई-रिक्शा और मैजिक का संचालन उनके निर्धारित वैकल्पिक स्टैंड से किया जाएगा। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने लोगों और त्योहार पर खरीदारी के लिए बाजार पहुंचने वालों से अपील की है कि वे जाम से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें। साथ ही अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें।
बसों के लिए तय किए गए नए रास्ते
यातायात व्यवस्था के तहत बसों के आवागमन में भी बदलाव किया गया है।
- रामपुर रोड से आने वाली बसें टीपीनगर तिराहे से होंडा शोरूम होते हुए गौलापार रोड के रास्ते शहर में प्रवेश करेंगी।
- बरेली रोड से आने वाली बसें तीनपानी फ्लाईओवर से गौलापार रोड होते हुए नारीमन तिराहे के रास्ते सीधे रोडवेज स्टेशन पहुंचेंगी।
- कालाढूंगी रोड की बसें लालडांठ और ऊंचापुल से पनचक्की मार्ग होते हुए शहर में आ सकेंगी।
- पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाली रोडवेज और केमू बसें तिकोनिया से होकर सीधे रोडवेज स्टेशन पहुंचेंगी।
- पहाड़ी क्षेत्रों की ओर जाने वाले छोटे वाहनों को गौलापार रोड से डायवर्ट किया जाएगा।
- दिल्ली और अन्य दूरदराज के क्षेत्रों में जाने वाली वॉल्वो बसें अपने निर्धारित स्थान से ही यात्रियों को बैठाएंगी और उतारेंगी। इन बसों का शहर के भीतर प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
नैनीताल की आंतरिक सड़कों पर भी लगा जाम
दीवाली की छुट्टियों के चलते नैनीताल के बोर्डिंग स्कूलों में अवकाश होने से गुरुवार को शहर की आंतरिक सड़कों पर भी दिनभर जाम लगा रहा। बच्चों को लेने पहुंचे अभिभावकों के वाहनों की संख्या बढ़ने से यातायात प्रभावित हुआ।
अयारपाटा, सात नंबर, बारापत्थर समेत शहर के कई आंतरिक मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। इससे स्थानीय लोगों को भी आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा।




