
गाजियाबाद की पुलिस चौकी में जोरदार धमाका, टूटे शीशे और दीवार में आई दरार, डिलीवरी बॉय घायल
गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में शुक्रवार रात वसुंधरा पुलिस चौकी में अचानक हुए तेज धमाके से हड़कंप मच गया। धमाका इतना जोरदार था कि चौकी के दो शीशे टूट गए और दीवार में भी दरार आ गई। इस दौरान कांच की चपेट में आने से एक डिलीवरी बॉय घायल हो गया। फिलहाल धमाके के पीछे की वजह सामने नहीं आई है।
घटना इंदिरापुरम थाना क्षेत्र की वसुंधरा पुलिस चौकी की है। जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार रात करीब 9 बजे चौकी के पीछे अचानक जोरदार विस्फोट हुआ। इस जगह पर कबाड़ वाहनों को खड़ा किया जाता है। धमाके के समय चौकी के अंदर एक सब-इंस्पेक्टर मौजूद थे। इसी दौरान सामान पहुंचाने के लिए एक डिलीवरी बॉय भी वहां पहुंचा हुआ था।
विस्फोट होते ही चौकी के शीशे टूटकर आसपास बिखर गए। कांच के टुकड़े लगने से डिलीवरी बॉय घायल हो गया। धमाके की तेज आवाज सुनकर आसपास के इलाके में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम, जांच के लिए भेजे गए नमूने
धमाके की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए। इसके साथ ही फोरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया। टीम ने चौकी और आसपास के क्षेत्र का बारीकी से निरीक्षण किया। घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य और नमूने जुटाए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए आगरा भेजा गया है। अब जांच रिपोर्ट के आधार पर धमाके की असली वजह का पता लगाने की कोशिश की जाएगी।
जांच पूरी होने के बाद सामने आएगी विस्फोट की वजह
इंदिरापुरम के एसीपी सूर्यबली मौर्या ने बताया कि वसुंधरा पुलिस चौकी के पीछे हुआ धमाका किस वजह से हुआ, इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस मामले से जुड़े सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर पड़ताल कर रही है। फिलहाल घटनास्थल पर स्थिति नियंत्रण में है।



