राज्यराष्ट्रीय

‘जाको राखे साइयां…’, 100 फीट गहरे कुएं में गिरी 10 साल की बच्ची, शिवसेना नेता ने जान की बाजी लगाकर बचाया

हिंगोली: महाराष्ट्र के हिंगोली जिले में एक शिवसेना नेता की सूझबूझ और बहादुरी से 10 साल की बच्ची की जान बच गई। मालसेलू गांव में खेत पर पानी लेने गई बच्ची का अचानक पैर फिसल गया और वह करीब 100 फीट गहरे कुएं में जा गिरी। बच्ची को पानी में डूबता देख आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। इसी दौरान वहां से गुजर रहे शिवसेना किसान सेना के जिलाध्यक्ष गजानन हेंबाडे ने अपनी गाड़ी रोकी और उसे बचाने के लिए कुएं में छलांग लगा दी। ग्रामीणों की मदद से बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

जानकारी के मुताबिक, यह घटना मालसेलू गांव के बाहरी इलाके की है। गांव की रहने वाली 10 वर्षीय वैष्णवी पवार खेत में बने कुएं से पानी लेने पहुंची थी। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ा और वह सीधे गहरे कुएं में गिर गई। बच्ची के कुएं में गिरते ही आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया और मदद के लिए आवाज लगाई।

बच्ची को बचाने के लिए कुएं में कूदे शिवसेना नेता

घटनास्थल के पास से गुजर रहे शिवसेना किसान सेना के जिलाध्यक्ष गजानन हेंबाडे की नजर जब लोगों की भीड़ पर पड़ी तो उन्होंने गाड़ी रोक दी। स्थिति समझते ही वह कुएं की ओर दौड़े। बच्ची को डूबता देखकर उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना करीब 100 फीट गहरे कुएं में छलांग लगा दी।

इसके बाद ग्रामीणों ने रस्सी के सहारे बचाव कार्य में मदद की। काफी मशक्कत के बाद गजानन हेंबाडे और स्थानीय लोगों ने वैष्णवी को सुरक्षित कुएं से बाहर निकाल लिया। समय रहते हुए इस प्रयास से बच्ची की जान बच गई।

गजानन हेंबाडे की बहादुरी की हो रही सराहना

इस घटना के बाद गजानन हेंबाडे के साहस की पूरे इलाके में तारीफ हो रही है। मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि उन्होंने बिना समय गंवाए बच्ची को बचाने के लिए जोखिम उठाया। उनके इस मानवीय कदम से एक परिवार की खुशियां बच गईं।

Related Articles

Back to top button