राष्ट्रीय

‘न्यूज रूम में कुछ भी असंभव नहीं’, दिवाली मिलन में पत्रकारों से बोले PM मोदी, 2047 के विकसित भारत का भी रखा लक्ष्य

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि न्यूज और न्यूज रूम की दुनिया में कुछ भी असंभव नहीं माना जाता। उन्होंने पत्रकारों के काम, खासकर मुश्किल हालात में रिपोर्टिंग करने वाले फील्ड पत्रकारों के जज्बे की सराहना की। गुरुवार को नई दिल्ली स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित दिवाली मिलन समारोह में प्रधानमंत्री ने पत्रकारों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने मीडिया में आए तकनीकी बदलावों से लेकर विकसित भारत के लक्ष्य, नशे के खिलाफ जागरूकता और राष्ट्रीय एकता जैसे मुद्दों पर अपनी बात रखी।

प्रेस रिलीज से इंस्टा रील तक बदली मीडिया की दुनिया

पत्रकारों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने दीपावली और छठ पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान लोग परिवार के साथ समय बिताना चाहते हैं, लेकिन पत्रकारों का काम ऐसा है कि उन्हें ब्रेकिंग न्यूज के लिए लगातार सक्रिय रहना पड़ता है। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पत्रकारों का आभार जताया।

अपने पुराने अनुभव साझा करते हुए मोदी ने बताया कि 90 के दशक की शुरुआत में उन्हें दो बड़ी यात्राओं के दौरान देशभर में व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी मिली थी। उस समय प्रेस रिलीज भेजने के लिए भी फैक्स मशीन तलाशनी पड़ती थी। उन्होंने कहा कि उन्होंने प्रेस रिलीज के दौर से लेकर इंस्टाग्राम रील तक मीडिया और उसके संवाद के बदलते स्वरूप को करीब से देखा है।

जब पत्रकारों को पहले ही पता चल गया था मुख्यमंत्री बनने का फैसला

प्रधानमंत्री ने अपने राजनीतिक सफर का एक पुराना किस्सा भी साझा किया। उन्होंने बताया कि एक समय वह दिल्ली में 11 अशोक रोड स्थित एक कमरे में रहते थे। उस दौरान अचानक कई पत्रकार उनके कमरे में पहुंच गए और उनसे मिठाई खिलाने की मांग करने लगे।

मोदी के मुताबिक, जब उन्होंने इसकी वजह पूछी तो पत्रकारों ने कहा कि वह गुजरात के मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि उस समय पार्टी के कुछ वरिष्ठ नेताओं को ही इस फैसले की जानकारी थी, लेकिन पत्रकारों को पहले ही इसका अंदाजा हो गया था। बाद में उनकी बात सही साबित हुई।

मोबाइल ही बन गया ओबी वैन, हर खबर के मिल रहे एक्सपर्ट

मीडिया में तकनीकी बदलावों का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले ओबी वैन की व्यवस्था करना बड़ी चुनौती होती थी, लेकिन अब मोबाइल फोन ही ओबी वैन की भूमिका निभा रहा है। आज हर व्यक्ति के पास अपना मंच और चैनल है। उन्होंने कहा कि पहले देश में गली-गली क्रिकेट के जानकार मिलते थे, लेकिन अब हर खबर पर अपनी राय रखने वाले लोग भी हर जगह दिखाई देते हैं।

मोदी ने कहा कि लोकतंत्र में अलग-अलग विचार और राय होना स्वाभाविक है। इसमें भारतीय मीडिया की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। उनके मुताबिक, तकनीक ने पारंपरिक मीडिया की कुछ मुश्किलें आसान की हैं, लेकिन इसके साथ नई चुनौतियां भी पैदा हुई हैं।

मुश्किल हालात में रिपोर्टिंग करने वाले पत्रकारों की तारीफ

प्रधानमंत्री ने कहा कि न्यूज रूम की दुनिया की एक खासियत है कि यहां कुछ भी असंभव नहीं माना जाता। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जब कहीं हादसा होता है, भूकंप आता है या बाढ़ से तबाही मचती है, तब ज्यादातर लोग उस जगह से दूर जाने की कोशिश करते हैं। लेकिन फील्ड रिपोर्टर अपनी जान जोखिम में डालकर घटनास्थल तक पहुंचते हैं और रिपोर्टिंग करते हैं।

उन्होंने कहा कि ऐसे पत्रकार अपने परिवार की चिंताओं को पीछे छोड़कर मुश्किल परिस्थितियों में भी काम करते हैं। उनका यह जज्बा कम देखने को मिलता है और वह हमेशा ऐसे पत्रकारों के प्रशंसक रहे हैं।

2047 को बताया विकसित भारत की डेडलाइन

प्रधानमंत्री ने पत्रकारिता में डेडलाइन के महत्व पर भी बात की। उन्होंने कहा कि न्यूज रूम में डेडलाइन बेहद जरूरी होती है, क्योंकि इसके बिना डेस्क से लेकर फील्ड तक काम की गति प्रभावित हो सकती है। उन्होंने कहा कि डेडलाइन का महत्व व्यक्ति, संस्था और देश, तीनों के लिए है।

मोदी ने वर्ष 2047 को देश के लिए अहम लक्ष्य बताते हुए कहा कि आजादी के 100 साल पूरे होने से पहले भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना आजादी के समय से देश के साथ रहा है, लेकिन अब इसके लिए एक निश्चित समयसीमा तय है।

चंद्रमा पर लैंडिंग से स्टार्टअप इकोसिस्टम तक गिनाईं उपलब्धियां

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत जिस गति से आगे बढ़ रहा है, उसे देखते हुए विकसित राष्ट्र बनने का लक्ष्य असंभव नहीं है। उन्होंने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के पास भारत की सफल लैंडिंग, दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल निर्माता बनने और चिनाब नदी पर दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे आर्च ब्रिज बनने जैसी उपलब्धियों का जिक्र किया।

उन्होंने यह भी कहा कि भारत ने 12 वर्षों में अपनी सौर ऊर्जा उत्पादन क्षमता 50 गुना से अधिक बढ़ाई है और दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम तैयार किया है।

मोदी ने स्पष्ट किया कि 2047 की समयसीमा का अर्थ यह नहीं है कि देश को तब तक इंतजार करना चाहिए। उन्होंने आजादी के आंदोलन का उदाहरण देते हुए कहा कि पूर्ण स्वराज का लक्ष्य भी छोटे-छोटे पड़ाव पार करते हुए हासिल किया गया था। इसी तरह विकसित भारत के लिए भी लगातार छोटे-बड़े लक्ष्य तय कर उन्हें पूरा करना होगा।

मीडिया से देश की सफलताओं और नशे के खिलाफ अभियान को बढ़ावा देने की अपील

प्रधानमंत्री ने मीडिया से आग्रह किया कि वह देश की उपलब्धियों और आम लोगों की सफलता से जुड़ी खबरों को भी प्रमुखता दे। उन्होंने कहा कि ऐसी कहानियों को सामने लाना देश सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम हो सकता है।

इसके साथ ही उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए जागरूकता बढ़ाने की जरूरत पर जोर दिया। मोदी ने कहा कि मीडिया को सामाजिक सरोकारों और देश में एकता मजबूत करने वाले विषयों को अपने मंचों और बहसों में जगह देनी चाहिए। उनके मुताबिक, ऐसे प्रयास विकसित भारत के अभियान को आगे बढ़ाने में मददगार साबित हो सकते हैं।

Related Articles

Back to top button