छत्तीसगढ़राज्य

नक्सली हमले में गंवाया पैर, फिर भी नहीं मानी हार; तोमन कुमार को 51 लाख, अभिजीत सखूजा को 31 लाख देगी छत्तीसगढ़ सरकार

रायपुर: एशियन पैरा गेम्स 2026 में पदक जीतकर देश और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने वाले दो खिलाड़ियों को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सम्मानित किया। मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पैरा तीरंदाजी के स्वर्ण पदक विजेता तोमन कुमार और पैरा बैडमिंटन के कांस्य पदक विजेता अभिजीत सखूजा को सम्मानित किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने तोमन कुमार को 51 लाख रुपये और अभिजीत सखूजा को 31 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। दोनों खिलाड़ियों को शाल और बस्तर कला का प्रतीक चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि तोमन कुमार और अभिजीत सखूजा ने अपने साहस, मेहनत और दृढ़ संकल्प से साबित किया है कि मजबूत इच्छाशक्ति के सामने बड़ी से बड़ी चुनौती भी बाधा नहीं बन सकती। उनकी उपलब्धियां केवल खेल पदक तक सीमित नहीं हैं, बल्कि संघर्ष के बाद सफलता हासिल करने की प्रेरक मिसाल हैं। उन्होंने कहा कि दोनों खिलाड़ियों की कहानी प्रदेश के युवाओं को अपने सपने पूरे करने की प्रेरणा देगी।

नक्सली हमले में गंवाया बायां पैर, अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर जीता स्वर्ण

बालोद जिले के नवागांव निवासी तोमन कुमार की उपलब्धि संघर्ष और हौसले की कहानी है। वह सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन में तैनात थे। वर्ष 2022 में झारखंड में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान आईईडी विस्फोट में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस हमले में उन्हें अपना बायां पैर गंवाना पड़ा।

इस कठिन हादसे के बावजूद तोमन ने हिम्मत नहीं छोड़ी। वर्ष 2023 में उन्होंने पैरा तीरंदाजी का अभ्यास शुरू किया। अनुशासन, लगातार मेहनत और आत्मविश्वास के दम पर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया।

मुख्यमंत्री साय ने तोमन के साहस की सराहना करते हुए कहा कि देश की सुरक्षा के लिए अपना सर्वस्व समर्पित करने वाले इस जवान ने खेल के मैदान में भी अपनी इच्छाशक्ति का परिचय दिया है। नक्सली हमले में उनका एक पैर जरूर चला गया, लेकिन देश के लिए कुछ कर दिखाने का जज्बा कायम रहा। पहले मातृभूमि की रक्षा और अब खेल के अंतरराष्ट्रीय मंच पर तिरंगे का मान बढ़ाकर उन्होंने छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित किया है।

बचपन से क्लब फुट की चुनौती, अभिजीत ने पैरा बैडमिंटन में जीता कांस्य

बिलासपुर निवासी अभिजीत सखूजा ने भी अपनी शारीरिक चुनौती को पीछे छोड़कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल की है। वह बचपन से क्लब फुट की समस्या का सामना कर रहे हैं। इसके बावजूद उन्होंने पैरा बैडमिंटन को अपना लक्ष्य बनाया और लगातार अभ्यास तथा अनुशासन के जरिए अपनी प्रतिभा को निखारा। एशियन पैरा गेम्स में कांस्य पदक जीतकर उन्होंने प्रदेश का मान बढ़ाया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अभिजीत की उपलब्धि उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो मुश्किल परिस्थितियों के बावजूद आगे बढ़ने का सपना देखते हैं। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों के परिवारों को भी बधाई दी और कहा कि किसी खिलाड़ी की सफलता में परिवार का त्याग, विश्वास और प्रोत्साहन भी अहम भूमिका निभाता है।

पैरा खिलाड़ियों को हरसंभव मदद देगी राज्य सरकार

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत खिलाड़ियों को बेहतर अवसर, प्रशिक्षण और जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने की है। राज्य सरकार इसी दिशा में लगातार काम कर रही है। खासतौर पर पैरा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने और उन्हें राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने पर ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन के लिए दोनों खिलाड़ियों को राज्य सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक हासिल करने वाले खिलाड़ियों को आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए खेल एवं युवा कल्याण विभाग की योजनाओं के तहत तीन लाख रुपये तक की यात्रा भत्ता और दैनिक भत्ता (टीए-डीए) सहायता दी जाती है।

मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि तोमन कुमार और अभिजीत सखूजा आगे भी अपनी मेहनत और प्रतिभा से सफलता के नए मुकाम हासिल करेंगे और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के साथ पैरालंपिक में भी देश के लिए पदक जीतेंगे।

अरुण साव बोले- खिलाड़ियों को मिल रहे बेहतर अवसर

उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियां पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेल और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए सकारात्मक माहौल बना है।

अरुण साव ने प्रधानमंत्री के संदेश ‘जितना खेलेंगे, उतना ही खिलेंगे’ का उल्लेख करते हुए कहा कि इसी भावना के अनुरूप छत्तीसगढ़ सरकार भी खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक खेल सुविधाएं और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा दिखाने के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

Related Articles

Back to top button