पिथौरागढ़: उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में जौलजीबी मेले के दौरान मंच पर हंगामा और तोड़फोड़ करने वाले कांग्रेस विधायक हरीश धामी ने माफी मांगने से साफ इनकार कर दिया है। विधायक ने पूरे घटनाक्रम के लिए भाजपा नेताओं को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि मंच पर उनका माइक बंद कर दिया गया था, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। उन्होंने कहा कि अगर किसी को लगता है कि उन्होंने भाजपा से माफी मांग ली है तो यह पूरी तरह गलत है। वह खुद को गोली मारना पसंद करेंगे, लेकिन भाजपा से माफी नहीं मांगेंगे।
माइक बंद करने पर भड़के थे विधायक हरीश धामी
हरीश धामी ने बताया कि जौलजीबी मेले में वह मुनस्यारी और धारचूला क्षेत्र की महिलाओं के सामने मंच से अपनी बात रख रहे थे। इसी दौरान भाजपा नेताओं ने उनका माइक बंद करवा दिया। इससे वह आक्रोशित हो गए और गुस्से में उनके मुंह से कुछ अभद्र शब्द निकल गए। विधायक ने अपने शब्दों के लिए खेद जताया, लेकिन भाजपा से माफी मांगने की बात को सिरे से खारिज कर दिया।
उन्होंने कहा कि एक स्थानीय जनप्रतिनिधि होने के नाते उन्हें कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया था, लेकिन अपनी बात रखने का मौका तक नहीं दिया गया। यदि उन्हें सम्मान नहीं देना था तो कार्यक्रम में बुलाना ही नहीं चाहिए था। धामी के मुताबिक, व्यक्तिगत अपमान को वह सहन कर सकते हैं, लेकिन किसी जनप्रतिनिधि के साथ इस तरह का व्यवहार स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने क्षेत्र की उपेक्षा के खिलाफ भी नाराजगी जताई।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
जौलजीबी मेले में हुए घटनाक्रम को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने धारचूला विधायक हरीश धामी के साथ हुए व्यवहार को लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ बताया।
गोदियाल ने कहा कि किसी जनप्रतिनिधि को मंच से अपनी बात रखने का अवसर नहीं देना और उसका माइक बंद कर देना निंदनीय है। उन्होंने इसे प्रोटोकॉल का उल्लंघन बताते हुए कहा कि विधायक की नाराजगी पूरी तरह जायज है।
विधायक समेत छह नामजद लोगों पर मुकदमा दर्ज
जौलजीबी मेले में हुए हंगामे के मामले में पुलिस ने कांग्रेस विधायक हरीश सिंह धामी समेत छह नामजद लोगों और अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, मेले के उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित किया था। इसके बाद मेला समिति के अध्यक्ष और धारचूला विधायक हरीश सिंह धामी ने अपने समर्थकों के साथ नारेबाजी शुरू कर दी।
पुलिस का आरोप है कि इस दौरान विधायक और उनके समर्थकों ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया, पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की और सरकारी कामकाज में बाधा पहुंचाई। मौके पर तोड़फोड़ किए जाने की बात भी पुलिस ने कही है। पुलिसकर्मियों ने लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन स्थिति तनावपूर्ण बनी रही।
जौलजीबी थानाध्यक्ष हरेंद्र सिंह नेगी के मुताबिक, हरीश सिंह धामी समेत छह नामजद आरोपियों और अन्य लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 121(1), 132, 191(2), 324(3) और 352 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की जाएगी और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
कांग्रेस की हार से नेता हताश, मानसिक संतुलन खो रहे: मुख्यमंत्री धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी पिथौरागढ़ की घटना पर कांग्रेस को घेरा है। रविवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में संगठन की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि लगातार चुनावी हार के कारण कांग्रेस नेता निराश और हताश हैं। इसी वजह से उनका मानसिक संतुलन बिगड़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस में ऊपर से लेकर नीचे तक अमर्यादित आचरण की परंपरा बनती जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को आम जनता की समस्याओं और प्रदेश के विकास से कोई सरोकार नहीं है। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भी प्रदेश की जनता कांग्रेस को सबक सिखाएगी। उनके मुताबिक, चुनाव के बाद भी कांग्रेस की स्थिति में कोई बदलाव नहीं आने वाला है।
सरलीकरण, समाधान और संतुष्टि के मंत्र पर काम कर रही सरकार: धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को लोहियाहेड हेलीपैड और अपने निजी आवास नगला तराई में आम लोगों तथा जनप्रतिनिधियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं और शिकायतें सुनीं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर जल्द, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण तरीके से निस्तारण किया जाए।
इस दौरान महाराष्ट्र में आयोजित यूसीमास की राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाले उत्तराखंड के दो विद्यार्थियों ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात की। इनमें कार्तिकेय सिंह तोमर ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि युग सिंह तोमर थर्ड रनर अप रहे। मुख्यमंत्री ने दोनों विद्यार्थियों की उपलब्धि पर खुशी जताई और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।




