
नई दिल्ली: आज 24 नवंबर 2026, मंगलवार को देशभर में देव दीपावली का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। कार्तिक पूर्णिमा के दिन मनाए जाने वाले इस त्योहार का हिंदू धर्म में विशेष महत्व है। इसे देव दीवाली और त्रिपुरारी पूर्णिमा के नाम से भी जाना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इसी दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर नाम के राक्षस का वध कर तीनों लोकों को उसके आतंक से मुक्ति दिलाई थी। महादेव की इस विजय की खुशी में देवी-देवताओं ने काशी में दीप जलाकर उत्सव मनाया था। तभी से कार्तिक पूर्णिमा पर देव दीपावली मनाने की परंपरा चली आ रही है।
इस पर्व की सबसे भव्य छटा उत्तर प्रदेश के वाराणसी में देखने को मिलती है। यहां गंगा के घाटों को हजारों दीपों से सजाया जाता है। शाम होते ही पूरा काशी धाम दीपों की रोशनी से जगमगा उठता है। इस अद्भुत नजारे को देखने के लिए देश ही नहीं, विदेशों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। इस दिन भगवान शिव और भगवान विष्णु की पूजा के साथ शाम को दीपदान करने की परंपरा है। मान्यता है कि श्रद्धापूर्वक दीपदान करने से घर में सुख-समृद्धि और खुशहाली आती है।
देव दीपावली 2026 का शुभ मुहूर्त और कार्तिक पूर्णिमा तिथि
पंचांग के अनुसार, कार्तिक शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि 23 नवंबर 2026 की रात 11 बजकर 42 मिनट पर शुरू हो चुकी है। इसका समापन 24 नवंबर की रात 8 बजकर 23 मिनट पर होगा। इस दिन पूजा-पाठ और धार्मिक कार्यों के लिए अलग-अलग शुभ समय निर्धारित हैं।
- ब्रह्म मुहूर्त: सुबह 5:03 बजे से 5:57 बजे तक
- अभिजित मुहूर्त: सुबह 11:47 बजे से दोपहर 12:29 बजे तक
- गोधूलि मुहूर्त: शाम 5:22 बजे से 5:49 बजे तक
शाम 5:08 बजे से शुरू होगा दीपदान का शुभ समय
देव दीपावली पर प्रदोष काल में दीपदान करना विशेष फलदायी माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के मुताबिक, इस समय दीपक जलाकर देवी-देवताओं का स्मरण करने से पुण्य की प्राप्ति होती है। वर्ष 2026 में दीपदान के लिए प्रदोष काल शाम 5 बजकर 8 मिनट से रात 7 बजकर 47 मिनट तक रहेगा।
इस दौरान श्रद्धालु अपने घर, मंदिर या किसी पवित्र नदी के किनारे दीपक जला सकते हैं। विशेष रूप से गोधूलि बेला में दीपदान करना शुभ माना जाता है।
देव दीपावली पर इस विधि से करें भगवान शिव और विष्णु की पूजा
देव दीपावली के दिन सुबह जल्दी उठकर स्नान करें और साफ-सुथरे वस्त्र धारण करें। इसके बाद घर के पूजा स्थल की सफाई कर पूजा की तैयारी करें। एक चौकी पर लाल या पीला कपड़ा बिछाएं और उस पर भगवान शिव, माता पार्वती, भगवान विष्णु तथा माता लक्ष्मी की प्रतिमा या तस्वीर स्थापित करें।
सबसे पहले भगवान शिव का गंगाजल और पंचामृत से अभिषेक करें। इसके बाद उन्हें बेलपत्र, धतूरा, चंदन और फूल अर्पित करें। माता पार्वती को सिंदूर और पुष्प चढ़ाएं। भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी को पीले-लाल फूल, फल, मिठाई और तुलसी दल अर्पित करें।
इसके बाद सभी देवी-देवताओं के सामने घी का दीपक जलाएं और धूप-अगरबत्ती दिखाकर पूजा करें। इस दौरान ‘ॐ नमः शिवाय’ और ‘ॐ नमो भगवते वासुदेवाय’ मंत्रों का जाप करें। पूजा में देव दीपावली की पौराणिक कथा पढ़ें या सुनें। अंत में भगवान शिव, भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की आरती करें।
देव दीपावली पर इन जगहों पर जरूर जलाएं दीपक
इस पर्व पर शाम के समय घर के अलग-अलग हिस्सों में दीपक जलाने की परंपरा है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, तुलसी के पौधे के पास घी या तिल के तेल का दीपक जलाना शुभ होता है। इसके अलावा घर के मंदिर, मुख्य दरवाजे, रसोई और पानी रखने वाली जगह के पास भी दीपक रख सकते हैं।
यदि आसपास शिव मंदिर है तो वहां जाकर दीप जलाएं। नदी या तालाब के किनारे भी दीपदान करने की परंपरा है। मान्यता है कि देव दीपावली पर घर में 5, 7, 11, 51 या 101 मिट्टी के दीपक जलाना शुभ होता है। दीपक जलाने के लिए सरसों या तिल के तेल का इस्तेमाल किया जा सकता है।



