उत्तराखंडराज्य

रामदेव ने धीरेंद्र शास्त्री विवाद पर तोड़ी चुप्पी, बोले- मेरी डांट को उन्होंने प्यार और गुरु का स्नेह समझकर स्वीकार किया

हरिद्वार: योग गुरु बाबा रामदेव ने बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को लेकर दिए अपने बयान पर सफाई दी है। उन्होंने साफ कहा कि दोनों के बीच हुई बातचीत के बाद अब इस विवाद को आगे बढ़ाने की कोई जरूरत नहीं है। रामदेव ने बताया कि उन्होंने धीरेंद्र शास्त्री को अपना अनुज मानते हुए कुछ बातों पर समझाया था और उनकी फटकार को धीरेंद्र शास्त्री ने भी सम्मान के साथ स्वीकार किया है।

भगवान और देवी-देवताओं की तुलना से आहत थे रामदेव

बाबा रामदेव ने बताया कि सोमवार को उन्होंने धीरेंद्र शास्त्री से बातचीत की थी। इस दौरान उन्होंने अपनी नाराजगी के पीछे दो प्रमुख कारण बताए। पहली आपत्ति भगवान और देवी-देवताओं की तुलना करने को लेकर थी। रामदेव के मुताबिक, देवी-देवताओं और अवतारी सत्ताओं का किसी से तुलना के नाम पर अनादर या अपमान करना सनातन परंपरा के अनुरूप नहीं है। इसी बात ने उन्हें आहत किया था।

उन्होंने कहा कि भगवान राम, श्रीकृष्ण, हनुमान, शिव और भगवती में कोई भेद नहीं है। भगवान के नाम पर जाति, वर्ग या समुदाय के आधार पर अंतर करना समाज को बांटने का काम करता है। उन्होंने इस तरह की सोच को सनातन की मूल भावना के विपरीत बताया।

सनातन धर्म को पाखंड और अंधविश्वास से जोड़ना गलत

रामदेव ने अपनी दूसरी आपत्ति सनातन धर्म को पाखंड और अंधविश्वास से जोड़ने को लेकर जताई। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म के सिद्धांत और मूल्य बेहद व्यापक हैं। यह ईश्वरीय विधान होने के साथ वैज्ञानिक, सार्वभौमिक और सभी के कल्याण की भावना पर आधारित है। इसलिए इसे किसी भी तरह के पाखंड या अंधविश्वास से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए।

‘अधिकार से डांटा, उन्होंने प्यार समझकर स्वीकार किया’

धीरेंद्र शास्त्री के साथ अपने रिश्ते का जिक्र करते हुए बाबा रामदेव ने कहा कि वह उन्हें अपना अनुज और शिष्यवत मानते हैं। इसी अधिकार के चलते उन्होंने उन बातों पर नाराजगी जताई, जो उन्हें अनुचित लगीं। रामदेव ने कहा कि धीरेंद्र शास्त्री ने उनकी फटकार को भी प्यार और स्नेह समझकर स्वीकार किया। उन्होंने इसे धीरेंद्र शास्त्री की बड़प्पन और समझदारी बताया।

रामदेव ने कहा कि इस पूरे मामले को लेकर किसी तरह का विवाद खड़ा करने की जरूरत नहीं है। दोनों के बीच हुई बातचीत को गलत तरीके से पेश करना भी उचित नहीं होगा।

समर्थकों से भी विवाद आगे नहीं बढ़ाने की अपील

योग गुरु ने बागेश्वर बाबा और अपने समर्थकों से अपील की कि वे इस मामले को लेकर आपस में विवाद न करें। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों के समर्थकों का एक-दूसरे से उलझना ठीक नहीं है, क्योंकि सभी का उद्देश्य एक ही होना चाहिए।

रामदेव ने देश की एकता, अखंडता और सनातन धर्म की रक्षा को साझा प्राथमिकता बताते हुए कहा कि आपसी मतभेदों को बढ़ाने के बजाय एकजुट रहने की जरूरत है। उन्होंने मीडिया से भी अपील की कि अब इस विवाद को समाप्त माना जाए और इसे आगे तूल न दिया जाए।

Related Articles

Back to top button