बिसलेरी के पानी पर फिर उठे सवाल, जांच में मिला खतरनाक बैक्टीरिया; FSSAI ने मुकदमे को दी मंजूरी

नई दिल्ली: देश की प्रमुख पैकेज्ड पेयजल कंपनियों में शामिल बिसलेरी की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) की जांच में कंपनी के पश्चिम बंगाल स्थित प्लांट से लिया गया पानी का नमूना निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर खरा नहीं उतरा। जांच में कोलीफॉर्म बैक्टीरिया की मौजूदगी की पुष्टि हुई है। इस मामले में खाद्य नियामक ने कंपनी के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दे दी है। संबंधित नमूना पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले के तेलीपाला स्थित प्लांट से लिया गया था।
जांच में मिला कोलीफॉर्म बैक्टीरिया, बैच नंबर PB 201 की बिक्री पर रोक
FSSAI की प्रयोगशाला जांच में बिसलेरी के पानी के नमूने में कोलीफॉर्म बैक्टीरिया की पुष्टि हुई है। यह बैक्टीरिया आमतौर पर सीवेज के पानी के रिसाव या क्षतिग्रस्त पाइपलाइन के जरिए पेयजल में पहुंच सकता है। रिपोर्ट के मुताबिक, प्राथमिक प्रयोगशाला के साथ रेफरल लैब में भी इसकी मौजूदगी सामने आई। इसके बाद नियामक ने संबंधित बैच नंबर PB 201 की बिक्री पर रोक लगा दी है।
यह पहली बार नहीं है जब बिसलेरी के खिलाफ खाद्य सुरक्षा नियामक ने कार्रवाई की है। इससे पहले गोवा स्थित कंपनी के प्लांट से लिए गए नमूने की जांच में भी गुणवत्ता संबंधी गड़बड़ी सामने आने के बाद कार्रवाई की गई थी।
देशभर में बोतलबंद पानी की गुणवत्ता की होगी जांच
बिसलेरी के नमूने में गड़बड़ी सामने आने के बीच FSSAI ने देशभर में बोतलबंद पेयजल की गुणवत्ता की व्यापक जांच शुरू कर दी है। प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी रजित पुनहानी ने बुधवार को बताया कि अलग-अलग स्थानों से पानी के नमूने जुटाए जा रहे हैं। जांच के नतीजे सामने आने में एक से दो महीने तक का समय लग सकता है।
उन्होंने कहा कि भारत जैसे बड़े देश में इस स्तर पर नमूने एकत्र करने और उनकी जांच पूरी करने में समय लगना स्वाभाविक है। इस अभियान का मकसद खाद्य सुरक्षा से जुड़े नियमों का पालन सुनिश्चित करना है, न कि आम लोगों के बीच किसी तरह की घबराहट पैदा करना।
पुनहानी के मुताबिक, पिछले एक साल के दौरान FSSAI ने दूध और डेयरी उत्पादों, मांस, अंडे, अनाज, ऊर्जा पेय और मीठे पेय पदार्थों समेत कई श्रेणियों में जांच और कार्रवाई की है। बोतलबंद पानी की गुणवत्ता की निगरानी भी इसी अभियान का हिस्सा है।
बिसलेरी के खिलाफ पहले भी सामने आई थी गुणवत्ता संबंधी गड़बड़ी
बोतलबंद पानी के नमूनों की जांच में बिसलेरी के खिलाफ यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है, जब कंपनी के एक अन्य नमूने को भी असुरक्षित घोषित किया जा चुका है। FSSAI के अनुसार, कंपनी के परिसर से लिए गए एक नमूने में ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक मिली थी।
कंपनी की ओर से इस जांच पर अपील किए जाने के बाद नमूने को संदर्भ खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया। वहां जांच के दौरान पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAH) की मौजूदगी भी पाई गई। इसके बाद प्रयोगशाला ने नमूने को असुरक्षित घोषित कर दिया। नियामक ने इसी मामले में भी कंपनी के खिलाफ अभियोजन की मंजूरी दी है। लगातार सामने आ रही इन गड़बड़ियों के बाद अब बोतलबंद पानी की गुणवत्ता को लेकर नियामक की निगरानी और सख्त होने के संकेत हैं।



