मध्य प्रदेशराज्य

CM मोहन यादव का बड़ा एक्शन: देवास के उद्योग विभाग GM सस्पेंड, लापरवाही पर ठेकेदार पर लगाया 1 लाख का जुर्माना

देवास: मध्य प्रदेश में जनसमस्याओं के समाधान में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और जिम्मेदार लोगों पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सख्त रुख अपनाया है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत आयोजित ‘समाधान ऑनलाइन’ कार्यक्रम में शिकायतों की सुनवाई के दौरान उन्होंने देवास के उद्योग विभाग के महाप्रबंधक रतन सिंह डावर को निलंबित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा महिला एवं बाल विकास विभाग की एक पर्यवेक्षक की वेतन वृद्धि रोकने और नल-जल योजना में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाने का आदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने अलग-अलग शिकायतकर्ताओं से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को दो टूक कहा कि आम लोगों की शिकायतों को लंबित रखना और उनके समाधान में देरी करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी मामलों का तय समय-सीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

शिकायत का रिकॉर्ड तक नहीं दिखा पाए अधिकारी, उद्योग विभाग के GM पर कार्रवाई

एक शिकायत का समाधान नहीं होने और संबंधित प्रकरण की फाइल पेश नहीं कर पाने पर मुख्यमंत्री ने नाराजगी जताई। जांच के दौरान विभागीय स्तर पर लापरवाही सामने आने के बाद उन्होंने देवास के उद्योग विभाग के महाप्रबंधक रतन सिंह डावर को निलंबित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए और जिम्मेदार अधिकारी कार्रवाई से बचने के लिए टालमटोल न करें।

छात्रवृत्ति की रकम दूसरे खाते में पहुंची, पर्यवेक्षक की वेतन वृद्धि रुकेगी

समाधान ऑनलाइन में देवास की छात्रा सलोनी सिसोदिया ने लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत मिलने वाली छात्रवृत्ति की राशि नहीं मिलने का मामला उठाया। सुनवाई के दौरान सामने आया कि छात्रवृत्ति की रकम छात्रा के बैंक खाते में जाने के बजाय किसी दूसरे खाते में जमा हो गई थी।

मामले में महिला एवं बाल विकास विभाग की संबंधित पर्यवेक्षक ने जरूरी स्तर पर फॉलोअप नहीं किया था। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए मुख्यमंत्री ने पर्यवेक्षक की एक वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश दिए।

नल-जल योजना में गड़बड़ी पर ठेकेदार को 1 लाख रुपये की पेनल्टी

देवास निवासी सुरेश मालवीय ने नल-जल योजना से जुड़ी समस्या मुख्यमंत्री के सामने रखी। शिकायत की समीक्षा में कामकाज के स्तर पर लापरवाही सामने आने पर मुख्यमंत्री ने संबंधित ठेकेदार पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में जिम्मेदारी तय होनी चाहिए और लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े।

सैनिक पवन यादव के परिवार को 10 लाख रुपये की सहायता

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जम्मू-कश्मीर में तैनाती के समय ऊंचाई से गिरने के कारण जान गंवाने वाले देवास निवासी सैनिक पवन यादव के परिवार को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से बातचीत कर हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। साथ ही सैनिक को शहीद का दर्जा दिए जाने से जुड़े मामले की जांच कराने की बात भी कही।

किसान को 50 हजार की मदद, फसल बीमा भुगतान जल्द कराने के निर्देश

समाधान ऑनलाइन में वन अधिकार पट्टाधारी किसान लाल सिंह ने फसल बीमा की राशि नहीं मिलने की शिकायत की। इस पर मुख्यमंत्री ने उन्हें 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। साथ ही अधिकारियों को लंबित फसल बीमा राशि के भुगतान की प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में अन्य आवेदकों की समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिया कि जनशिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर लिया जाए और प्रत्येक मामले का निर्धारित समय-सीमा में समाधान सुनिश्चित किया जाए।

Related Articles

Back to top button