उत्तर प्रदेशराज्यलखनऊ

पत्रकारों के लिए निःशुल्क नेत्र जांच शिविर आयोजित

खुशी फॉउण्डेशन एवं डॉ. अग्रवाल्स आई हॉस्पिटल की पहल

लखनऊ : पत्रकारों के स्वास्थ्य एवं बेहतर नेत्र देखभाल को ध्यान में रखते हुए खुशी फॉउण्डेशन एवं डॉ. अग्रवाल्स आई हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को पत्रकारों के लिए निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। डॉ. अग्रवाल्स आई हॉस्पिटल, गोमतीनगर में आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में पत्रकारों ने सहभागिता की और अपनी आंखों की निःशुल्क जांच कराई। शिविर में डॉ. अग्रवाल्स आई हॉस्पिटल की ओर से आए नेत्र विशेषज्ञों एवं चिकित्सा टीम ने पत्रकारों की आंखों की जांच की। इस दौरान दृष्टि संबंधी समस्याओं, आंखों में थकान, जलन एवं अन्य नेत्र रोगों के लक्षणों और उनसे बचाव के उपायों के बारे में भी जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने लगातार स्क्रीन पर काम करने और लंबे समय तक मोबाइल एवं कंप्यूटर का इस्तेमाल करने वाले पत्रकारों को आंखों की विशेष देखभाल करने की सलाह दी।

इस अवसर पर डॉ. अग्रवाल्स आई हॉस्पिटल की ओर से शरद श्रीवास्तव ने कहा कि पत्रकार समाज का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। समाचार संकलन और लेखन के दौरान उन्हें लंबे समय तक मोबाइल, लैपटॉप एवं कंप्यूटर स्क्रीन पर काम करना पड़ता है, जिसका असर उनकी आंखों के स्वास्थ्य पर पड़ सकता है। ऐसे में नियमित नेत्र जांच और आंखों की उचित देखभाल बेहद जरूरी है। उन्होंने खुशी फॉउण्डेशन के साथ इस विशेष पहल में सहयोग करने पर प्रसन्नता व्यक्त की।

खुशी फॉउण्डेशन की ओर से बताया गया कि पत्रकार दिन-रात समाज और आमजन से जुड़ी खबरों को लोगों तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। ऐसे में उनके स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी आवश्यक है। इसी उद्देश्य से पत्रकारों के लिए इस निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया, ताकि उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। कार्यक्रम के आयोजकों ने डॉ. अग्रवाल्स आई हॉस्पिटल की चिकित्सा टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी पत्रकारों एवं समाज के विभिन्न वर्गों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए इस तरह के जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।

Related Articles

Back to top button