टेक्नोलॉजी

AI का बढ़ता दायरा: अगले 5 साल में दुनिया की 2.4 करोड़ नौकरियों पर असर, कंपनियां बदलेंगी भर्ती का तरीका

नई दिल्ली: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का बढ़ता इस्तेमाल दुनियाभर में कामकाज के तौर-तरीकों को तेजी से बदल रहा है। अगले पांच वर्षों में इसके चलते करीब 2.4 करोड़ बौद्धिक कार्यों से जुड़ी नौकरियां प्रभावित हो सकती हैं। जेपी मॉर्गन वेल्थ मैनेजमेंट की ताजा रिपोर्ट में यह अनुमान जताया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनियां कर्मचारियों के कई काम एआई की मदद से कराने लगी हैं। इससे हर साल वैश्विक कार्यबल का लगभग 1.3 प्रतिशत हिस्सा प्रभावित हो सकता है।

अमेरिका में सबसे ज्यादा असर पड़ने का अनुमान

रिपोर्ट के अनुसार, एआई के बढ़ते इस्तेमाल का सबसे बड़ा असर अमेरिका में देखने को मिल सकता है। वहां करीब 1.6 करोड़ नौकरियां प्रभावित होने की आशंका है। इसका मतलब है कि हर साल लगभग 30 लाख लोग इस बदलाव के दायरे में आ सकते हैं। यह अमेरिका के सालाना पेरोल का करीब 2 प्रतिशत होगा।

रिपोर्ट में इस बदलाव की रफ्तार को 2000 के दशक में विनिर्माण क्षेत्र में हुई छंटनी से चार गुना अधिक बताया गया है। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि कंपनियां बड़े पैमाने पर कर्मचारियों को नौकरी से निकालेंगी। रिपोर्ट का आकलन है कि कंपनियां नई भर्तियां कम करके भी इस बदलाव को लागू कर सकती हैं।

नौकरियां खत्म होने से ज्यादा काम करने का तरीका बदलेगा

रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि एआई के कारण सभी पद पूरी तरह खत्म हो जाएंगे, ऐसा जरूरी नहीं है। फिलहाल एआई किसी नौकरी से जुड़े कुछ खास कामों को ही स्वचालित करने में सक्षम है। ऐसे में कई क्षेत्रों में कर्मचारियों की भूमिका और काम करने का तरीका बदल सकता है। कंपनियां उन कार्यों में एआई का इस्तेमाल बढ़ा सकती हैं, जिन्हें तकनीक के जरिए अधिक तेजी और कम लागत में पूरा किया जा सकता है।

भारत में हर मिनट जेन-एआई सीखने के 12 नए नामांकन

दुनिया में एआई के इस्तेमाल को लेकर चिंता के बीच भारत में इससे जुड़े कौशल सीखने का रुझान भी तेजी से बढ़ रहा है। ऑनलाइन लर्निंग प्लेटफॉर्म कोर्सेरा की ग्लोबल स्किल्स रिपोर्ट 2026 के अनुसार, भारत में जेनरेटिव एआई यानी जेन-एआई पाठ्यक्रमों में नामांकन की दर दोगुनी होकर हर मिनट 12 तक पहुंच गई है। वर्ष 2025 में यह आंकड़ा छह नामांकन प्रति मिनट था।

कोर्सेरा के नए एआई-ह्यूमन स्किल्स सिनर्जी इंडेक्स में भारत को 98 देशों में 40वां स्थान मिला है। एशिया-प्रशांत क्षेत्र में भारत 12वें पायदान पर रहा।

एआई सिक्योरिटी और एजेंटिक वर्कफ्लो में बढ़ी दिलचस्पी

रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में एआई सीखने का रुझान अब सामान्य पाठ्यक्रमों से आगे बढ़कर विशेषज्ञता वाले क्षेत्रों की ओर जा रहा है। सालाना आधार पर एआई सिक्योरिटी के पाठ्यक्रमों में नामांकन 296 प्रतिशत बढ़ा है। वहीं, एजेंटिक वर्कफ्लो में 238 प्रतिशत और जेन-एआई पाठ्यक्रमों में 125 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।

इसके अलावा, एआई कौशल पर आधारित प्रमाणपत्र पाठ्यक्रमों में नामांकन 181 प्रतिशत बढ़ा है। ये आंकड़े संकेत देते हैं कि भारत में पेशेवर और छात्र एआई से जुड़े नए कौशल हासिल करने पर जोर दे रहे हैं।

Related Articles

Back to top button