राजस्थानराज्य

बीकानेर में दिवाली की आतिशबाजी के दौरान बड़ा हादसा टला, केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल के चेहरे के पास से गुजरा रॉकेट

बीकानेर: दीपावली के मौके पर सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों के साथ खुशियां मना रहे केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल बाल-बाल बच गए। आतिशबाजी के दौरान एक रॉकेट अचानक उनके चेहरे के बेहद करीब से निकल गया। इससे निकली चिंगारियां उनके कपड़ों पर भी गिरीं। गनीमत रही कि मंत्री को कोई चोट नहीं आई और वह पूरी तरह सुरक्षित हैं।

जानकारी के मुताबिक, अर्जुनराम मेघवाल बीएसएफ मुख्यालय में जवानों के साथ दिवाली मना रहे थे। इस दौरान वहां त्योहार की खुशियां साझा की जा रही थीं और आतिशबाजी भी हो रही थी। इसी बीच कानून मंत्री फुलझड़ी की मदद से एक स्काई शॉट जलाने की तैयारी कर रहे थे।

बताया जा रहा है कि जब मेघवाल फुलझड़ी से स्काई शॉट को सुलगाने वाले थे, तभी उनके सामने मौजूद एक अन्य युवक ने उसी रॉकेट में आग लगा दी। मंत्री कुछ समझ पाते, उससे पहले ही रॉकेट तेज गति से ऊपर की ओर निकला और उनके चेहरे के बिल्कुल पास से गुजर गया।

कपड़ों पर गिरीं रॉकेट की चिंगारियां

अचानक हुई इस घटना से मौके पर मौजूद लोग घबरा गए। रॉकेट से निकली चिंगारियां अर्जुनराम मेघवाल के कपड़ों पर भी गिरीं। हालांकि, वह इसकी चपेट में आने से बच गए और किसी तरह की चोट नहीं लगी। कुछ पल के लिए वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। हादसा टलने के बाद सभी ने राहत की सांस ली।

फिलहाल पूरी तरह सुरक्षित हैं केंद्रीय मंत्री

घटना के बाद राहत की बात यह रही कि केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल को कोई गंभीर नुकसान नहीं हुआ। वह पूरी तरह सुरक्षित हैं और फिलहाल अपने निवास स्थान पर हैं। बीएसएफ जवानों के साथ दिवाली मनाने के दौरान हुई इस घटना ने कुछ देर के लिए उत्सव के माहौल में चिंता पैदा कर दी थी।

Related Articles

Back to top button