
मुजफ्फरनगर में दिल दहला देने वाला हादसा, डिवाइडर से टकराकर आग का गोला बनी कार, 6 लोगों की जिंदा जलकर मौत
मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में एक भीषण सड़क हादसे ने छह परिवारों को उजाड़ दिया। तितावी थाना क्षेत्र में फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराई और फिर बिजली के खंभे से जा भिड़ी। टक्कर के बाद कार में अचानक आग लग गई। कुछ ही पलों में आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। कार में सवार छह लोगों की इस दर्दनाक हादसे में मौके पर ही जलकर मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया।
तेज रफ्तार में बेकाबू हुई कार, बाहर निकलने का नहीं मिला मौका
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, कार सवार लोग हरियाणा से शामली होते हुए मुजफ्फरनगर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तितावी थाना क्षेत्र के फ्लाईओवर पर चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया। तेज रफ्तार कार पहले डिवाइडर से टकराई और इसके बाद बिजली के खंभे से जा भिड़ी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में तत्काल आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को घेर लिया। कार के अंदर मौजूद लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका और सभी छह लोगों की आग में जलकर मौत हो गई।
हरियाणा के नारनौल के पास के गांव के रहने वाले बताए जा रहे मृतक
एसपी ग्रामीण अक्षय संजय महाडिक के अनुसार, शुरुआती जांच में मृतकों का संबंध हरियाणा के नारनौल के नजदीक स्थित राखीखाक गांव से सामने आया है। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि सभी मृतक एक ही परिवार के सदस्य थे या नहीं। प्रारंभिक जानकारी में उनके आपस में दोस्त होने की बात सामने आई है।
पुलिस मृतकों की पहचान और उनके बीच पारिवारिक या अन्य संबंधों की पुष्टि करने में जुटी है। हादसे के कारणों को लेकर भी जांच की जा रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लिया संज्ञान, अधिकारियों को दिए निर्देश
मुजफ्फरनगर में छह लोगों की मौत की घटना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचने और राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
इसके साथ ही अधिकारियों को मृतकों के परिजनों से संपर्क स्थापित करने और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने को कहा गया है। मुख्यमंत्री ने प्रशासन को हादसे के बाद जरूरी राहत और सहायता संबंधी सभी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं।



