
मुंबई के बाद यूपी में भी तरबूज खाने के बाद बिगड़ी एक ही परिवार की तबीयत, बिजनौर में 21 वर्षीय युवती की मौत से मचा हड़कंप
मुंबई में तरबूज खाने के बाद एक ही परिवार के चार लोगों की मौत का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि अब उत्तर प्रदेश के बिजनौर से भी बेहद चिंताजनक घटना सामने आई है। यहां तरबूज खाने के बाद एक ही परिवार के तीन लोगों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। गंभीर हालत में सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान 21 वर्षीय युवती की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और परिवार में मातम पसरा हुआ है।
तरबूज खाने के कुछ घंटों बाद बिगड़ी तबीयत
मामला बिजनौर के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के गांव शेरनगर नरैनी का है। जानकारी के मुताबिक गांव निवासी डॉ. जियाउल रहमान, उनकी पत्नी और बेटी मुस्कान ने बुधवार दोपहर तरबूज खाया था। परिजनों का कहना है कि तरबूज खाने के कुछ घंटे बाद ही तीनों की तबीयत अचानक खराब होने लगी। उन्हें उल्टी, घबराहट और बेचैनी की शिकायत हुई।
हालत बिगड़ने पर परिजन पहले उन्हें स्थानीय चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे, लेकिन स्थिति गंभीर देखते हुए तीनों को बिजनौर रेफर कर दिया गया। वहां एक निजी अस्पताल में उनका इलाज शुरू किया गया।
इलाज के दौरान युवती ने तोड़ा दम
अस्पताल में भर्ती तीनों मरीजों में मुस्कान की हालत लगातार नाजुक बनी रही। चिकित्सकों की कोशिशों के बावजूद गुरुवार को 21 वर्षीय मुस्कान की मौत हो गई। बेटी की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। वहीं गांव में भी घटना को लेकर लोगों के बीच डर और चिंता का माहौल बना हुआ है।
स्वास्थ्य विभाग ने जांच की कही बात
घटना को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. विशाल ने कहा कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं थी। उन्होंने बताया कि मामले की जांच के लिए टीम भेजी जाएगी और पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की जाएगी।
मुंबई में भी सामने आया था ऐसा ही मामला
कुछ दिन पहले मुंबई के दक्षिणी इलाके में भी एक ही परिवार के चार लोगों की मौत का मामला सामने आया था। शुरुआती जांच में इसे तरबूज खाने के बाद हुई फूड पॉइजनिंग से जोड़कर देखा गया था। मृतकों में अब्दुल्ला दोकाडिया, उनकी पत्नी नसरीन और उनकी दो बेटियां जैनब और आयशा शामिल थीं।
पुलिस के अनुसार, 25 अप्रैल को परिवार ने घर पर रिश्तेदारों को खाने पर बुलाया था। सभी ने मटन पुलाव खाया और रात में रिश्तेदार वापस चले गए। इसके बाद परिवार ने देर रात करीब 1 बजे तरबूज खाया था। सुबह होते-होते चारों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें तेज उल्टी और दस्त की शिकायत हुई। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन कुछ ही घंटों के भीतर चारों की मौत हो गई।
फॉरेंसिक जांच में मिला जहरीला रसायन
मुंबई मामले में शुरुआती तौर पर पुलिस ने अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। पोस्टमार्टम के दौरान शवों के सैंपल फॉरेंसिक जांच के लिए भेजे गए थे। जांच रिपोर्ट में चारों के शरीर में जिंक फॉस्फाइड नामक जहरीले रसायन के अंश मिलने की पुष्टि हुई है।
जांच एजेंसियों को तरबूज के सैंपल में भी यही खतरनाक रसायन मिला है। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि जहरीला पदार्थ गलती से तरबूज में पहुंचा या फिर इसे जानबूझकर मिलाया गया था। इस खुलासे के बाद जांच एजेंसियों की चिंता और बढ़ गई है।



