
अखिलेश यादव की बेटी अदिति पर अभद्र टिप्पणी मामला गरमाया: घोसी में सपा कार्यकर्ताओं का आक्रोश, ट्रोल्स के खिलाफ मुकदमे की मांग तेज
मऊ: समाजवादी पार्टी (SP) अध्यक्ष अखिलेश यादव की पुत्री अदिति यादव को लेकर सोशल मीडिया पर की गई कथित अभद्र टिप्पणी का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस विवाद को लेकर मऊ जिले के घोसी क्षेत्र में सपा कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला है। मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर घोसी कोतवाली में तहरीर दी गई है।
घोसी: जानकारी के अनुसार सपा नेता सुजीत सिंह ने गुरुवार को घोसी कोतवाली में तहरीर देकर सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। सुजीत सिंह दिवंगत सपा विधायक स्वर्गीय सुधाकर सिंह के पुत्र और घोसी ब्लॉक के पूर्व ब्लॉक प्रमुख हैं।
सोशल मीडिया पर टिप्पणी को लेकर सख्त कार्रवाई की मांग
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि कुछ लोगों द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर अखिलेश यादव की बेटी अदिति यादव के खिलाफ आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणियां की गई हैं। इसी को लेकर सपा कार्यकर्ताओं में नाराजगी बढ़ गई है और दोषियों पर कानूनी कार्रवाई की मांग की जा रही है।
पुलिस जांच में जुटी, मामले की हो रही छानबीन
पुलिस के अनुसार तहरीर प्राप्त होने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है। सोशल मीडिया पर की गई कथित टिप्पणियों की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस स्तर पर छानबीन जारी है।
घोसी में राजनीतिक हलचल तेज
इस मामले के सामने आने के बाद घोसी क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गरमा गया है। सपा समर्थकों ने साफ कहा है कि किसी भी स्थिति में अभद्र टिप्पणियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।



