मनोरंजन

27 दिन बाद जेल से रिहा हुए आर्यन खान, पहुंचे ‘मन्नत’, फैंस ने किया जोरदार स्वागत

बॉलीवुड स्टार शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान आज जमानत पर जेल से रिहा हो गए हैं। वह क्रूज ड्रग्स केस मामले में ऑर्थर रोड जेल में बंद थे और मामले में गिरफ्तार आर्यन खान 22 दिन के बाद शनिवार को मुंबई की आर्थर रोड जेल से रिहा किए गए। अभिनेता शाहरूख खान के बेटे आर्यन सुबह 11 बजे के कुछ देर बाद जेल से बाहर आए। एक दिन पहले ही विशेष अदालत ने उन्हें सशर्त जमानत प्रदान की थी।

जेल से निकलते ही वह, वहां पर पहले से इंतजार में खड़ी एक कार में सवार हुए और 12 किलोमीटर दूर बांद्रा स्थित अपने बंगले ‘मन्नत’ पहुंच गए हैं। आर्यन और शाहरु खान के फैंस मन्नत के बाहर उनकी राह तक रहे हैं। वहीं आर्यन का परिवार उनके घर वापस आने से बेहद खुश हैं। मिली जानकारी के अनुसार शाहरुख खान के बॉडीगार्ड रवि भी आर्यन के साथ हैं।

बता दें कि आज सुबह 5.30 बजे आर्थर रोड जेल की जमानत पेटी खोली गई, जिसके बाद आर्यन की जमानत के कागज जेल के अंदर पहुंचा। जेल अधीक्षक नितिन वायचाल ने बताया कि आर्यन के रिहा करने के आदेश मिल गए हैं और रिहाई की प्रक्रिया जारी है। वहीं इस मामले में सह आरोपी अरबाज मर्चेंट की रिहाई आज शाम तक हो पाएगी। अरबाज के पिता असलम मर्चेंट ने यह जानकारी दी है।

अभिनेत्री जूही चावला ने शुक्रवार को 23 वर्षीय आर्यन के लिए मुचलका दाखिल किया, लेकिन रिहाई आदेश शाम 5.30 बजे तक आर्थर रोड जेल नहीं पहुंच सका, जिसके कारण आर्यन जेल से बाहर नहीं आ पाए। बॉम्बे उच्च न्यायालय ने गुरुवार को आर्यन की जमानत स्वीकार कर ली थी, लेकिन कागजी कार्यवाही पूरी नहीं होने की वजह से उन्हें शुक्रवार तक जेल में ही रहना पड़ा था। अदालत ने इस मामले के सह आरोपी मुनमुन धमीचा और अरबाज मर्चेंट की भी जमानत स्वीकार की है।

उल्लेखनीय है कि नारकोटिक्स केंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने इन तीन लोगों को दो अक्टूबर को क्रूज पर आयोजित ड्रग्स पार्टी के दौरान हिरासत में लिया था और तीन अक्टूबर को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया था। इस तरह से आर्यन एनसीबी हिरासत और जेल को मिलाकर कुल 27 दिन तक कैद में रहे।

Related Articles

Back to top button