शिमला के 2 निजी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, ई-मेल मिलते ही मचा हड़कंप, छात्रों की कराई छुट्टी

शिमला: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में शुक्रवार को दो प्रतिष्ठित निजी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। दोनों स्कूलों को धमकी भरे ई-मेल भेजे गए। सूचना मिलते ही स्कूल प्रशासन ने एहतियातन विद्यार्थियों की छुट्टी कर दी और पुलिस को मामले की जानकारी दी।
कालीबाड़ी और न्यू शिमला के स्कूलों को मिला धमकी भरा ई-मेल
जानकारी के अनुसार, कालीबाड़ी के पास स्थित दयानंद स्कूल और न्यू शिमला स्थित डीएवी स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी वाले ई-मेल मिले। ई-मेल सामने आते ही स्कूल परिसरों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
अभिभावक बच्चों को लेने स्कूल पहुंचे
धमकी की सूचना फैलते ही अभिभावक भी घबरा गए और अपने बच्चों को सुरक्षित घर ले जाने के लिए स्कूल पहुंचने लगे। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्कूल प्रशासन ने विद्यार्थियों की छुट्टी कर दी।
बम स्क्वाड और पुलिस ने संभाला मोर्चा
एएसपी शिमला मेहर पंवर ने बताया कि कालीबाड़ी स्थित दयानंद स्कूल और न्यू शिमला स्थित डीएवी स्कूल को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली है। सूचना मिलने के बाद एहतियाती कदम उठाते हुए दोनों स्कूलों में छुट्टी कराई गई।
उन्होंने बताया कि मौके पर बम स्क्वाड और पुलिस की टीमें मौजूद हैं। स्कूल परिसरों की गहनता से तलाशी ली जा रही है और धमकी से जुड़े पूरे मामले की जांच की जा रही है।



