दीपावली पर CM सुक्खू का श्रमिक परिवारों को बड़ा तोहफा! 1444 परिवारों के खातों में आएंगे 6.10 करोड़ रुपये

हमीरपुर: हिमाचल प्रदेश में दीपावली के मौके पर श्रमिक परिवारों के लिए बड़ी खुशखबरी है। हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड प्रदेश के 1444 पंजीकृत श्रमिक परिवारों को 6.10 करोड़ रुपये से अधिक की आर्थिक सहायता देने जा रहा है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू 6 नवंबर को बोर्ड की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत यह राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में हस्तांतरित करेंगे।
विवाह से लेकर शिक्षा और इलाज तक मिलेगी आर्थिक मदद
बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर ने बताया कि दीपावली के अवसर पर दी जाने वाली यह सहायता श्रमिक परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित होगी। अलग-अलग कल्याणकारी योजनाओं के तहत लाभार्थियों को आर्थिक मदद दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि विवाह सहायता योजना के तहत 1.70 करोड़ रुपये और शिक्षा सहायता योजना के अंतर्गत 3.14 करोड़ रुपये वितरित किए जाएंगे। वहीं, चिकित्सा सहायता योजना के तहत 54,610 रुपये की राशि दी जाएगी।
इसके अलावा मृत्यु एवं अंतिम संस्कार सहायता योजना के तहत 32.80 लाख रुपये और मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 86.58 लाख रुपये प्रदान किए जाएंगे। अन्य कल्याणकारी योजनाओं के तहत भी 5.10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता वितरित की जाएगी।
किस जिले में कितने श्रमिक परिवारों को मिलेगा लाभ?
जिलावार लाभार्थियों की सूची के अनुसार मंडी जिले के सबसे अधिक 440 श्रमिक परिवारों को 1.61 करोड़ रुपये की सहायता मिलेगी। शिमला में 183 लाभार्थियों को 72.97 लाख रुपये और बिलासपुर में 173 लाभार्थियों को 65.53 लाख रुपये दिए जाएंगे।
हमीरपुर जिले के 148 लाभार्थियों को 64.94 लाख रुपये, किन्नौर के 168 लाभार्थियों को 64.92 लाख रुपये और ऊना जिले के 142 लाभार्थियों को 1.05 करोड़ रुपये की राशि मिलेगी।
इसी तरह कांगड़ा जिले के 63 लाभार्थियों को 31 लाख रुपये, सिरमौर के 29 लाभार्थियों को 15.38 लाख रुपये और चंबा के 50 लाभार्थियों को 14.12 लाख रुपये दिए जाएंगे।
वहीं, कुल्लू जिले के 38 लाभार्थियों को 9.45 लाख रुपये और सोलन जिले के 10 लाभार्थियों को 5.95 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
श्रमिक परिवारों के सामाजिक और आर्थिक उत्थान पर जोर
नरदेव सिंह कंवर ने कहा कि बोर्ड प्रदेश के श्रमिकों और उनके परिवारों के सामाजिक एवं आर्थिक विकास के लिए लगातार काम कर रहा है। विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से श्रमिकों के बच्चों की पढ़ाई, बेटियों की शादी, चिकित्सा उपचार और आवास जैसी जरूरतों के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी श्रमिक परिवारों को आर्थिक संबल देने के लिए बोर्ड की योजनाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। प्रदेश सरकार का उद्देश्य श्रमिक वर्ग को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के साथ उन्हें सम्मानजनक और सुरक्षित जीवन उपलब्ध कराना है।



