राज्य

कश्मीर घाटी में बर्फबारी शुरू होते ही बढ़ने लगी पर्यटकों की भीड़, गुलजार हुआ ऐतिहासिक मुगल गार्डन

श्रीनगर । कश्मीर के कई हिस्सों में शनिवार सुबह कोहरे की घनी चादर दिखाई दी। इसी के साथ घाटी के लगभग सभी इलाकों में न्यूनतम तापमान हिमांक से नीचे जा पहुंचा है। अधिकारियों ने बताया कि श्रीनगर में मौसम की सबसे सर्द रात दर्ज की गई, जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 1.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि घाटी में न्यूनतम तापमान शुक्रवार रात हिमांक से नीचे दर्ज किया गया और पारा मौसम के इस समय के लिए सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। श्रीनगर में मौसम का अब तक सबसे कम तापमान शून्य से डेढ़ डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। कुछ इलाकों में बर्फबारी के बाद पर्यटकों की संख्या भी बढ़ गई है। कश्मीर घाटी की बात करें तो यहां के कई हिस्सों में सुबह-सुबह घने कोहरे की चादर छा गई थी जिससे वाहन चालकों को परेशानी हुई।

मौसम विभाग ने बताया कि सुबह में कोहरे की यह स्थिति कुछ और दिनों तक जारी रहेगी, क्योंकि मौसम 23 नवंबर तक शुष्क रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर कश्मीर के हिस्सों में 24 नवंबर को हल्की बर्फबारी होने का अनुमान है। इस बीच अचानक बढ़ी सर्दी को देखते हुए बाजारों में गर्म कपड़े और कांगड़ी खरीदने वालों की संख्या बढ़ गई है।

मनमोहक शरद ऋतु में मुगल गार्डन एक बार फिर से पर्यटकों के लिए प्रमुख आकर्षण बन गया है। कश्मीर में सर्दियों के मौसम में राजसी चिनार के पेड़ों के पत्ते हरे से सुनहरे भूरे रंग के हो जाते हैं और प्रकृति प्रेमियों को आकर्षित करते हैं। चिनार के पेड़ों में पतझड़ से जो सुंदर माहौल बनता है, उसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग यहां आते हैं। भारत के विभिन्न हिस्सों से इस समय यहां लोग आ रहे हैं।

Related Articles

Back to top button