उत्तराखंडराज्य

देहरादून में “राइजिंग लीडर्स फॉर इंक्लूसिव एंड प्रोग्रेसिव चेंज” कार्यक्रम का शुभारंभ, विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी ने युवाओं से किया सीधा संवाद

देहरादून: होटल मधुबन में “राइजिंग लीडर्स फॉर इंक्लूसिव एंड प्रोग्रेसिव चेंज” कार्यक्रम के द्वितीय मॉड्यूल का शुभारंभ उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष श्रीमती ऋतु खंडूरी भूषण द्वारा किया गया। इस अवसर पर भारत और जर्मनी से आए प्रतिभागियों की उपस्थिति रही।

कार्यक्रम के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी भूषण ने उपस्थित प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए समावेशी विकास, प्रभावी नेतृत्व, लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक परिवर्तन में युवाओं की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे अंतरराष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम युवाओं को वैश्विक दृष्टिकोण प्रदान करते हैं और उन्हें विभिन्न संस्कृतियों, विचारों तथा अनुभवों से सीखने का अवसर देते हैं, जिससे वे अपने समाज और राष्ट्र के विकास में अधिक प्रभावी भूमिका निभा सकते हैं।

इस दौरान उन्होंने प्रतिभागियों के साथ सीधा संवाद भी किया और उनके विभिन्न प्रश्नों के उत्तर दिए। चर्चा के दौरान लोकतंत्र, जनप्रतिनिधित्व, नीति निर्माण, महिला नेतृत्व और युवाओं की सक्रिय भागीदारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर उन्होंने अपने अनुभव साझा किए। विधानसभा अध्यक्ष ने युवाओं को समाज में सकारात्मक बदलाव का नेतृत्व करने, लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत बनाने और जनहित के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

यह कार्यक्रम iLEAD Global Foundation और KAS (Konrad-Adenauer-Stiftung) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है।

iLEAD ग्लोबल फाउंडेशन की संस्थापक एवं भाजपा उत्तराखंड की प्रदेश मंत्री नेहा जोशी ने विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी भूषण का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि देश और विदेश से आए युवाओं के साथ उनका सीधा संवाद अत्यंत प्रेरणादायक रहा। उन्होंने कहा कि युवाओं में समाज और राष्ट्र के भविष्य को दिशा देने की अपार क्षमता है और फाउंडेशन ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से भविष्य के नेतृत्वकर्ताओं को तैयार करने की दिशा में कार्य कर रही है।

Related Articles

Back to top button