राज्य

बर्थडे पार्टी खत्म होने पर मांगा खाना, मना करने पर बौखलाया युवक; चार महिलाओं को चाकू से गोदा

नई दिल्ली : द्वारका के ककरोला में एक नशे में धुत एक युवक ने अपने पड़ोसियों पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में तीन बहनों सहित उनकी मां घायल हो गई हैं। तीनों को सिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज चल रहा है। युवक ने इनपर इसलिए हमला किया क्योंकि जन्मदिन की पार्टी खत्म होने के बाद उन्होंने उसे खाना देने से मना कर दिया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना मंगलवार रात को घटी। पुलिस ने बताया कि 17 साल की पुष्पा ने मामले की शिकायत की है। उसने बताया कि मंगलवार को उसके पांच साल के भाई का बर्थडे था। पीड़ित परिवार भरत विहार में रहता है। पुष्पा ने कहा कि उनका 28 वर्षीय पड़ोसी विक्की आधी रात को पार्टी खत्म होने के बाद उनके घर आया था। उसने उनसे खाना मांगा, जब उन्होंने खाना देने से मना किया तो तो उसने चाकू निकाला और उनपर हमला कर दिया। इसमें उसकी मां मालती देवी (40), और दो बहनें नीलम (20) सपना (15) और पुष्पा घायल हो गईं।

पुष्पा ने अपनी शिकायत में कहा, ‘5 जुलाई को मेरे भाई विक्रम का जन्मदिन था और हमने अपने घर पर एक छोटी सी पार्टी रखी थी। परिवार के कुछ सदस्यों के अलावा, हमने इसमें कुछ पड़ोसियों को आमंत्रित किया था। लगभग 12.30 बजे पार्टी खत्म होने के बाद, विक्की ने हमारा दरवाजा खटखटाया। वह नशे में था और हमने उसे वापस जाने को कहा क्योंकि पार्टी खत्म हो चुकी थी। इससे वह नाराज हो गया और हमें गालियां देकर लौट गया।’

पीड़िता ने आगे कहा कि कुछ ही मिनटों बाद विक्की चाकू लेकर लौटा और हम सभी को जान से मारने की धमकी दी। पुष्पा ने कहा, ‘मेरी मां बाहर खड़ी थी, उसने उसे चाकू मार दिया। मेरी बहन नीलम मां को बचाने के लिए दौड़ी, लेकिन विक्की ने उन्हें भी चाकू मार दिया। इसके बाद सपना ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो विक्की ने उसपर भी हमला कर दिया। उसने मुझपर भी हमला किया।’

इस दौरान पीड़िता के रोने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और उन्होंने विक्की को पकड़ लिया। अधिकारियों ने बताया कि लोगों ने उसकी पिटाई की और उसे पुलिस को सौंप दिया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि जब तक पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक सभी घायलों को दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया था। उसी दिन इलाज के बाद पुष्पा को छुट्टी दे दी गई।

अधिकारी ने कहा, ‘मालती देवी और सपना को शुक्रवार को छुट्टी दे दी गई, लेकिन नीलम अभी भी अस्पताल में हैं और उसकी हालत गंभीर है।’ पुलिस टीम ने चाकू बरामद कर लिया है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। 28 साल का आरोपी विक्की कूड़ा इकट्ठा करता है। पुलिस ने उसके खिलाफ आईपीसी की धारा 307 के तहत मामला दर्ज करके गिरफ्तार कर लिया है। उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

Related Articles

Back to top button