मध्य प्रदेशराज्य

6 दिन में एमपी पुलिस का बड़ा एक्शन! 70 लाख से ज्यादा की चोरी की संपत्ति बरामद, 33 आरोपी गिरफ्तार; कई अंतर्राज्यीय गिरोह बेनकाब

भोपाल: मध्यप्रदेश पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। बीते छह दिनों के भीतर प्रदेश के विभिन्न जिलों में कार्रवाई करते हुए 70 लाख रुपये से अधिक मूल्य की चोरी गई संपत्ति बरामद की गई है। इस दौरान 33 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि कई अंतर्राज्यीय और संगठित चोरी करने वाले गिरोहों का भी पर्दाफाश किया गया है। पुलिस ने विभिन्न चोरी के मामलों का खुलासा करते हुए बड़ी मात्रा में चोरी का माल बरामद किया है।

गुना में तीन अंतर्राज्यीय गिरोहों का पर्दाफाश
गुना पुलिस ने चैन चोरी के आठ मामलों का खुलासा करते हुए तीन अंतर्राज्यीय संगठित गिरोहों के 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया। तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और विभिन्न राज्यों के समन्वय के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 21 लाख 20 हजार रुपये मूल्य की 11 सोने की चेन बरामद की।

भोपाल जीआरपी ने ट्रेनों में चोरी करने वाले गैंग को दबोचा
भोपाल जीआरपी ने ट्रेनों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने करीब 15 लाख रुपये मूल्य के स्वर्णाभूषण और अन्य चोरी की संपत्ति बरामद की। इस कार्रवाई में 250 से अधिक सीसीटीवी फुटेज की जांच और तकनीकी विश्लेषण की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

शिवपुरी में 24 घंटे के भीतर चोरी का खुलासा
शिवपुरी जिले की थाना देहात पुलिस ने शटर और ताले तोड़कर चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का महज 24 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए एक कार समेत लगभग 11 लाख 60 हजार रुपये मूल्य की चोरी गई संपत्ति बरामद की।

सेंधवा में पांच शातिर चोर गिरफ्तार
बड़वानी जिले के सेंधवा ग्रामीण थाना पुलिस ने चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने 12 लाख रुपये मूल्य की चोरी गई संपत्ति शत-प्रतिशत बरामद करने में सफलता हासिल की।

सीहोर में मंदिर चोरी का खुलासा
सीहोर जिले की कोतवाली पुलिस ने दिगंबर जैन मंदिर में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए आरोपी पुजारी को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से करीब आठ लाख रुपये मूल्य की चोरी गई संपत्ति बरामद की गई।

खरगोन में सूने मकानों में चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार
खरगोन पुलिस ने तीन सूने मकानों में हुई चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से लगभग 2.40 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और 45 हजार रुपये नकद बरामद किए गए।

तकनीक और समन्वय से मिली बड़ी सफलता
मध्यप्रदेश पुलिस के अनुसार संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र तथा अंतरजिला और अंतर्राज्यीय समन्वय का व्यापक उपयोग किया जा रहा है। इसी रणनीति के तहत चोरी के मामलों का त्वरित खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गई संपत्ति की बरामदगी सुनिश्चित की जा रही है।

Related Articles

Back to top button