उत्तर प्रदेशराज्य

अयोध्या में STF का बड़ा एक्शन: ₹1.65 लाख का इनामी बदमाश भानु प्रताप सिंह एनकाउंटर में ढेर, 40 मामलों में था वांछित

अयोध्या: उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ₹1.65 लाख के इनामी बदमाश भानु प्रताप सिंह को मुठभेड़ में मार गिराया। रविवार देर रात हुई इस कार्रवाई के दौरान घायल हुए बदमाश को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस के मुताबिक, गोरखपुर जिले के विधनापार निवासी 38 वर्षीय भानु प्रताप सिंह लंबे समय से कई गंभीर मामलों में वांछित चल रहा था। STF की प्रयागराज इकाई को उसके मूवमेंट की सूचना मिली थी, जिसके बाद टीम ने उसे पकड़ने के लिए घेराबंदी की।

रोकने पर शुरू कर दी फायरिंग

जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम ने जब उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने पुलिस पर गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद हुई जवाबी कार्रवाई में वह गोली लगने से घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे अयोध्या मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया।

तीन जिलों से घोषित था ₹1.65 लाख का इनाम

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, भानु प्रताप सिंह पर आजमगढ़ पुलिस ने ₹1 लाख, अंबेडकरनगर पुलिस ने ₹50 हजार और गोरखपुर पुलिस ने ₹15 हजार का इनाम घोषित कर रखा था। इस तरह उस पर कुल ₹1.65 लाख का इनाम था।

हत्या, लूट और रंगदारी समेत 40 मुकदमे दर्ज

भानु प्रताप सिंह के खिलाफ हत्या, लूट, रंगदारी और अन्य गंभीर अपराधों से जुड़े करीब 40 मुकदमे दर्ज थे। पुलिस रिकॉर्ड में वह एक सक्रिय और खतरनाक अपराधी के तौर पर दर्ज था, जिसकी तलाश कई जिलों की पुलिस कर रही थी।

Related Articles

Back to top button