मध्य प्रदेशराज्य

MP को 4415 करोड़ की बड़ी सौगात, बैतूल-खंडवा-जुलवानिया नेशनल हाईवे को मिली मंजूरी; गुजरात-महाराष्ट्र से बढ़ेगी सीधी कनेक्टिविटी

खंडवा: मध्य प्रदेश के लिए बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में बड़ी खुशखबरी सामने आई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई आर्थिक मामलों की कैबिनेट समिति ने एनएच-347बी के तहत हैवारखेड़ी (बैतूल) से जुलवानिया (बड़वानी) तक 233.653 किलोमीटर लंबे राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण परियोजना को मंजूरी दे दी है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर 4415.60 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। हाईवे के निर्माण के बाद खंडवा की कनेक्टिविटी गुजरात, महाराष्ट्र और देश के कई प्रमुख आर्थिक केंद्रों से और मजबूत हो जाएगी।

यह परियोजना खंडवा को एक प्रमुख आर्थिक कॉरिडोर के रूप में विकसित करने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है। पहले इस सड़क परियोजना को पांच चरणों में विकसित किया जाना था, लेकिन अब इसे दो बड़े पैकेज में विभाजित कर मंजूरी दी गई है।

दो पैकेज में होगा हाईवे का निर्माण

एनएच-347बी परियोजना के तहत पहले हैवारखेड़ी से रोशनी, रोशनी से आशापुर, आशापुर से रूधि, रूधि से देशगांव और देशगांव से जुलवानिया तक अलग-अलग चरणों में निर्माण प्रस्तावित था। अब कैबिनेट ने इसे दो पैकेज में विकसित करने का फैसला किया है।

पहले पैकेज में हैवारखेड़ी से रोशनी, आशापुर होते हुए रूधि तक 125.01 किलोमीटर सड़क का निर्माण टू-लेन विद पेव्ड शोल्डर मानक के अनुसार किया जाएगा। इस हिस्से में 70.39 किलोमीटर लंबा बायपास भी शामिल रहेगा। वहीं देशगांव-रूधि बायपास का 28.680 किलोमीटर लंबा कार्य पहले से जारी है और यह करीब 70 प्रतिशत पूरा हो चुका है।

देशगांव से जुलवानिया तक बनेगा फोरलेन हाईवे

कैबिनेट ने परियोजना के दूसरे पैकेज में देशगांव से जुलवानिया तक 108.643 किलोमीटर सड़क निर्माण को मंजूरी दी है। इस खंड को पहले दो लेन में विकसित किया जाना था, लेकिन अब इसे उन्नत करते हुए फोरलेन बनाने की स्वीकृति दी गई है।

इस हिस्से में 54.273 किलोमीटर लंबा बायपास भी शामिल होगा। साथ ही खरगोन जिले में 16.20 किलोमीटर का ग्रीनफील्ड सेक्शन भी विकसित किया जाएगा। इसके लिए वन भूमि और कृषि भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। पूरी परियोजना का निर्माण हाइब्रिड एन्युटी मॉडल के तहत किया जाएगा।

दो राष्ट्रीय राजमार्गों का प्रमुख केंद्र बनेगा खंडवा

खंडवा जिले का देशगांव क्षेत्र आने वाले समय में दो प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्गों का जंक्शन बनने जा रहा है। एक ओर इंदौर-इच्छापुर फोरलेन राष्ट्रीय राजमार्ग का निर्माण कार्य जारी है, वहीं दूसरी ओर बैतूल-खंडवा-बड़ोदरा कॉरिडोर विकसित किया जा रहा है।

दो महत्वपूर्ण हाईवे के मिलन बिंदु के रूप में उभरने से खंडवा की आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। बैतूल के माध्यम से यह मार्ग नागपुर से जुड़ा रहेगा, जबकि जुलवानिया और बड़ोदरा के जरिए गुजरात तक सीधी पहुंच उपलब्ध होगी। वहीं इंदौर-इच्छापुर हाईवे के माध्यम से राजस्थान, महाराष्ट्र और आगे तेलंगाना तक बेहतर संपर्क स्थापित होगा।

आर्थिक और लॉजिस्टिक्स गतिविधियों को मिलेगा बड़ा बढ़ावा

यह परियोजना राज्य के प्रमुख आर्थिक, सामाजिक और लॉजिस्टिक्स केंद्रों को एक-दूसरे से जोड़ने का काम करेगी। विकसित होने वाला यह कॉरिडोर छह पीएम गति शक्ति आर्थिक केंद्रों से जुड़ा रहेगा, जिनमें एक टेक्सटाइल क्लस्टर, दो मेगा फूड पार्क, एक औद्योगिक पार्क और दो सुपर थर्मल पावर प्लांट शामिल हैं।

इसके अलावा यह मार्ग पांच सामाजिक केंद्रों को भी जोड़ेगा, जिनमें खंडवा और बड़वानी जैसे आकांक्षी जिले शामिल हैं। साथ ही बैतूल, खंडवा और खरगोन जैसे आदिवासी बहुल जिलों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा।

रेलवे, एयरपोर्ट और लॉजिस्टिक्स नेटवर्क से बढ़ेगा जुड़ाव

नई सड़क परियोजना के माध्यम से क्षेत्र के दो प्रमुख रेलवे स्टेशन, दो हवाई अड्डे और एक मल्टी-मॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क भी सीधे इस कॉरिडोर से जुड़ेंगे। इससे माल परिवहन और औद्योगिक गतिविधियों को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है।

विशेषज्ञों का मानना है कि बेहतर सड़क संपर्क के कारण उद्योगों, व्यापारिक गतिविधियों और निवेश को बढ़ावा मिलेगा, जिससे पूरे निमाड़ और आसपास के क्षेत्रों की आर्थिक तस्वीर बदल सकती है।

व्यापार और उद्योग को मिलेगी नई उड़ान

बैतूल-खंडवा-बड़ोदरा राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना को मिली मंजूरी के बाद क्षेत्र में व्यापार और उद्योग के लिए नए अवसर खुलने की संभावना है। वर्तमान में रूधि-देशगांव और रोशनी-आशापुर खंडों पर कार्य जारी है, जबकि हैवारखेड़ी-रोशनी और देशगांव-जुलवानिया हिस्सों पर भी जल्द निर्माण शुरू होने की उम्मीद है।

परियोजना पूरी होने के बाद यह कॉरिडोर मध्य प्रदेश के औद्योगिक विकास, निवेश आकर्षण और क्षेत्रीय आर्थिक विस्तार का महत्वपूर्ण आधार बनेगा।

Related Articles

Back to top button