पंजाब

चन्नी के साधारण आदमी के रूप में बनाई झूठी छवि का हुआ भंडाफोड़ : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष

चंडीगढ़: बीजेपी पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी शर्मा ने कहा कि ईडी की छापेमारी ने मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के करीबी संबंधियों के घरों से मुख्यमंत्री चन्नी के संरक्षण में रेत माफिया संचालित होने का भंडाफोड़ किया है। इस रेड ने मुख्यमंत्री चन्नी के आम आदमी होने की झूठी छवि का भी पर्दाफाश कर दिया है।

अश्विनी शर्मा ने भाजपा मुख्यालय चंडीगढ़ में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि यह बहुत शर्मनाक है कि उनके भतीजे के पास से 10 करोड़ की बेहिसाबी राशि, रोलेक्स घडिय़ां और 21 लाख का सोना बरामद हुआ है। रेत माफिया के कार्टेल पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और मुख्यमंत्री का नियंत्रण है।

शर्मा ने कहा कि यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि जिन लोगों को राज्य के हितों की रक्षा करनी चाहिए वही मुख्यमंत्री चन्नी राज्य की संपदा को अपने संबंधियों के माध्यम से लूट रहे है। रेत राज्य का संसाधन है। कांग्रेस द्वारा सरासर लूट और डकैती ने इस राज्य की अर्थव्यवस्था को बर्बाद कर दिया है।

अश्विनी शर्मा ने कहा कि बड़े अफसोस की बात है कि मुख्यमंत्री चन्नी अपनी पार्टी के लोगों के कुकृत्यों को बयानों के पीछे छिपाने की कोशिश कर रहे हैं, कि दलित होने के कारण उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। भ्रष्टाचार का कोई धर्म नहीं होता और भाजपा इसे कभी बर्दाश्त नहीं करेगी। हमारी पार्टी भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस का पालन करती है और कानून प्रवर्तन एजेंसियों (ईडी) को इस घोटाले की मूल जड़ों तक पहुंचना चाहिए। अश्विनी शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने सभी नैतिक अधिकार खो दिए हैं और पंजाब के मतदाता आगामी विधानसभा चुनावों में पार्टी को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएंगे।

Related Articles

Back to top button